न्यूजीलैंड क्रिकेट: पूर्व तेज गेंदबाज जेफ अलॉट नए सीईओ बने
ऑकलैंड, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय तेज गेंदबाज जेफ अलॉट को अपना नया सीईओ बनाया है। उनका कार्यकाल 1 जुलाई से शुरू होगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी एक बयान में जेफ अलॉट ने कहा, "एक खिलाड़ी के तौर पर न्यूजीलैंड क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करने, महाप्रबंधक के तौर पर काम करने और आठ साल से ज्यादा समय तक बोर्ड निदेशक के तौर पर योगदान देने के बाद, इस संगठन और हमारे खेल से मेरा गहरा जुड़ाव है। मैं बोर्ड खिलाड़ियों, स्टाफ, सदस्य संघों और हमारे व्यावसायिक साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि मजबूत रिश्ते बनाए जा सकें। एक सकारात्मक और रचनात्मक संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके, और मैदान के अंदर और बाहर, दोनों जगह बेहतरीन नतीजे दिए जा सकें।"
न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्रमुख डायना पुकेटापु-लिंडन ने इस नियुक्ति की तारीफ करते हुए अलॉट के कौशल और अनुभव के अनोखे मेल को विशेष रूप से रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड के पूर्व प्रतिनिधि के तौर पर क्रिकेट की गहरी विशेषज्ञता, न्यूजीलैंड क्रिकेट में क्रिकेट के पूर्व जनरल मैनेजर और बोर्ड सदस्य के तौर पर अमूल्य अनुभव और मजबूत व्यावसायिक नेतृत्व के अनुभव के रूप में अलॉट इस भूमिका के लिए गुणों का एक ऐसा दुर्लभ और बेहद प्रासंगिक मेल लेकर आए हैं, जो शायद ही कहीं और देखने को मिलता है।"
लिंडन ने कहा, "हमें पूरा भरोसा है कि उनका खेल का अनुभव, संस्थागत जानकारी, व्यावसायिक सूझ-बूझ और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण न्यूजीलैंड क्रिकेट के विकास और विस्तार के अगले चरण में नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति बनाते हैं।"
जेफ अलॉट क्रिकेट प्रशासन में लगभग 20 साल के अनुभव के साथ यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके पास व्यापार का भी व्यापक अनुभव है और भारत तथा पूरे दक्षिण एशियाई क्षेत्र में उनके मजबूत संबंध हैं।
क्रिकेट प्रशासन से अलॉट का जुड़ाव बहुत गहरा है। वह 2002 में न्यूजीलैंड क्रिकेट खिलाड़ी संघ के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। बाद में, उन्होंने 2011 से 2013 तक कैंटरबरी क्रिकेट बोर्ड में काम किया और 2013 में न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड में शामिल हुए। निदेशक के तौर पर अपने आठ साल के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने अहम योगदान दिया। 2021 में बोर्ड में बदलाव के तहत उन्होंने अपना पद छोड़ दिया। क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए 2022 में उन्हें न्यूजीलैंड क्रिकेट की आजीवन सदस्यता से सम्मानित किया गया।
वह न्यूजीलैंड क्रिकेट के छठे सीईओ बने हैं। उन्होंने स्कॉट वीनिंक की जगह ली है, जिन्होंने दिसंबर में अपना पद छोड़ दिया था। इस पद पर पहले क्रिस डोइग, मार्टिन स्नेडेन, जस्टिन वॉन और डेविड व्हाइट जैसे लोग रह चुके हैं। खास बात यह है कि अलॉट के पास न्यूजीलैंड क्रिकेट में पहले भी कार्यकारी अनुभव रहा है। उन्होंने 2008 से 2010 तक महाप्रबंधक के तौर पर काम किया था।
--आईएएनएस
पीएके