×

न्यूयॉर्क में सरकारी उपकरणों पर टिकटॉक की वापसी

 

बीजिंग, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सरकारी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर टिकटॉक के उपयोग की अनुमति फिर से बहाल करने की घोषणा की। इस फैसले की जानकारी स्वयं ममदानी ने टिकटॉक पर साझा की, जहां उन्होंने एक संक्षिप्त पोस्ट में कहा, "टिकटॉक, हम वापस आ गए हैं।"

एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क मेयर कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यह नीति परिवर्तन शहर सरकार की सूचना प्रसार क्षमता को व्यापक बनाने के उद्देश्य से किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस कदम के जरिए न्यूयॉर्कवासियों के साथ संवाद के नए रास्ते खोले जाएंगे और आवश्यक सूचनाओं को अधिक तेजी और प्रभावशीलता के साथ पहुंचाया जा सकेगा।

हालांकि, इस निर्णय के साथ सुरक्षा उपायों को भी सख्ती से लागू किया गया है। मेयर कार्यालय ने निर्देश दिया है कि सभी सरकारी विभाग अपने आधिकारिक टिकटॉक अकाउंट्स के संचालन में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करेंगे। इसके तहत केवल ऐसे विशेष उपकरणों का उपयोग किया जाएगा, जिनमें कोई संवेदनशील डेटा संग्रहीत न हो। साथ ही, अकाउंट प्रबंधन के लिए जिम्मेदार कर्मियों की स्पष्ट रूप से नियुक्ति की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 के अंत से अमेरिका की संघीय सरकार और कई राज्यों ने तथाकथित ‘डेटा सुरक्षा’ चिंताओं का हवाला देते हुए सरकारी उपकरणों पर टिकटॉक के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसी क्रम में वर्ष 2023 में तत्कालीन मेयर एरिक एडम्स ने भी न्यूयॉर्क शहर के सरकारी उपकरणों पर इस ऐप के इस्तेमाल को प्रतिबंधित किया था।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/