न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका: चोट के चलते पांचवें टी20 से बाहर हुए टॉम लाथम
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम लाथम इंजरी की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले पांचवें टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। लाथम चोट के कारण चौथे टी20 में भी टीम का हिस्सा नहीं थे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर बताया कि टॉम लाथम बाएं हाथ के अंगूठे में लगी चोट के कारण पांचवें टी20 में भी नहीं खेल पाएंगे। स्कैन के बाद लाथम के अंगूठे में हल्का फ्रैक्चर है। इसी कारण वह अगले दो से तीन हफ्तों तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। लाथम को यह इंजरी साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में लगी थी। सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में जेम्स नीशम टीम की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। टीम के नियमित कप्तान मिचेल सैंटनर को आखिरी दो टी20 मुकाबलों के लिए आराम दिया गया है। सैंटनर की गैरमौजूदगी में टीम की कमान टॉम लाथम को संभालनी थी। टॉम ब्लंडेल न्यूजीलैंड टीम के स्क्वॉड से बतौर कवर खिलाड़ी जुड़े रहेंगे।
तीसरे टी20 में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज नकोबानी मोकोएना की एक उछाल भरी गेंद लाथम के अंगूठे पर आकर लगी थी और वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। चोट लगने के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी थी और न्यूजीलैंड को 8 विकेट से जीत दिलाई थी। लाथम 55 गेंदों में 63 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उन्होंने अपनी इस पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए थे।
टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर खेला जाना है। अभी सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। साउथ अफ्रीका ने पहले और चौथे टी20 मैच में जीत दर्ज की थी।
न्यूजीलैंड ने दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराया था। चौथे टी20 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 164 रन लगाए थे। टीम की तरफ से कॉनर एस्टरहुइजेन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में 57 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि, इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 145 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की ओर से गेराल्ड कोएत्जी ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रीनेलन सब्रेन ने सिर्फ 13 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए थे।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी