नीदरलैंड में स्कूल बस से भिड़ी डिलीवरी वैन, आठ घायल
द हेग, 24 अगस्त (आईएएनएस)। नीदरलैंड में सोमवार तड़के वेजेप के पास ए28 मोटरवे पर एक स्कूली बस और डिलीवरी वैन की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में ड्राइवर समेत आठ लोग घायल हो गए। डच पुलिस ने पुष्टि की कि नीदरलैंड के पूर्वी हिस्से में ये स्थल स्थित है और यहीं जर्मन हाई स्कूल के छात्रों को ले जा रही ऑस्ट्रियाई बस दूसरे वाहन से भिड़ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटनास्थल पर तीन ट्रॉमा हेलीकॉप्टर भी भेजे गए।
स्थानीय मीडिया के हवाले से सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया, पुलिस को स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 4:20 बजे (0220 जीएमटी) दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, घायलों में वैन का ड्राइवर भी शामिल था। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इससे पहले डच पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनओएस की रिपोर्ट के अनुसार, बस में 50 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें से ज्यादातर जर्मन स्कूली छात्र थे। घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को तैनात किया गया। दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है।
पुलिस और क्षेत्रीय सुरक्षा प्राधिकरण के अनुसार, बस में करीब 50 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन से टकराने के बाद बस सड़क से उतर गई। बस में सवार ज्यादातर किशोर छात्र थे।
डच न्यूज के अनुसार, टक्कर से वैन दो हिस्सों में बंट गई। इस हादसे में ड्राइवर भी चोटिल हुआ जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अन्य लोगों का घटनास्थल पर ही मामूली चोट के लिए इलाज किया गया। दुर्घटनास्थल पर तीन ट्रॉमा हेलीकॉप्टर भेजे गए थे। हादसे के बाद मोटरवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया और अलग-अलग रास्तों से ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीदरलैंड सरकार के ट्रैफिक सूचना सेवा विभाग ने बताया कि चूंकि हादसा संकरी लेन में हुआ इसलिए बचाव और राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
--आईएएनएस
केआर/