नेपाल त्रासदी: राहत और बचाव कार्यों में जुटा भारतीय रेलवे, यात्रियों की मदद के लिए वॉर रूम सक्रिय
नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई भीषण त्रासदी के बाद भारत सरकार और भारतीय रेलवे राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने 'होल ऑफ गवर्नमेंट' दृष्टिकोण अपनाते हुए विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाया है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, नेपाल सीमा से जुड़े भारतीय रेलवे के तीन प्रमुख जोन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए रेलवे का विशेष वॉर रूम भी सक्रिय कर दिया गया है, जो घटना की जानकारी सामने आने के बाद से चौबीसों घंटे कार्य कर रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नेपाल से लौटने वाले यात्रियों, पर्यटकों और बचाकर निकाले गए लोगों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सीमा क्षेत्रों में पहुंच रहे लोगों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए रेलवे लगातार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध करा रहा है।
इसी क्रम में हाल ही में नेपाल से बचाकर लाए गए 106 यात्रियों के सीतामढ़ी पहुंचने पर भारतीय रेलवे ने तत्काल विशेष कोच और स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की। इन यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य महाराष्ट्र तक पहुंचाया गया।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनें और कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री, आवश्यक संसाधन और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का कहना है कि इस कठिन घड़ी में भारत अपने पड़ोसी और मित्र राष्ट्र नेपाल के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। रेलवे और अन्य केंद्रीय एजेंसियां प्रभावित लोगों की सहायता के लिए समन्वित तरीके से कार्य कर रही हैं, ताकि राहत और बचाव अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी