नेपाल में अचानक बाढ़ के कारण मची तबाही में मरने वालों की संख्या बढ़कर 162 पहुंची (लीड-1)
काठमांडू, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में बुधवार को अचानक बाढ़ के कारण मची तबाही में कम से कम 162 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 41 घायल लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। नेपाल पुलिस ने गुरुवार सुबह इसकी पुष्टि की।
नेपाल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि 162 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार, रसुवा में 2, नुवाकोट में 12, धादिंग में 27, चितवन में 64, गोरखा में 20, तनहुं में 9, एनपी पूर्व में 26 और एनपी पश्चिम में 2 लोगों के शव मिले हैं।
नेपाल पुलिस ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि 41 घायल लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 20 त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में, 4 ट्रॉमा सेंटर में, 3 बीर हॉस्पिटल में, 1 बीरेंद्र सैनिक हॉस्पिटल में, 1 ग्रीन सिटी में, 3 नॉर्विक हॉस्पिटल में और 9 लोग त्रिशूली हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
रिपोर्ट्स में दावा है कि अभी 400 से अधिक लोग लापता हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार, 28 पुलिसकर्मियों से भी अब तक संपर्क नहीं हो पाया है। नेपाल पुलिस ने रसुवा जिले की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक तिमुर में 23 में से 13 कर्मचारी, रसुवागढ़ी में 9 में से 1 कर्मचारी, स्यापुर्बेँसी में 8 में से 5 कर्मचारी, मैलुंग में 8 में से 3 कर्मचारी, बेत्रावती में 10 में से 9 कर्मचारी, हाकु में 6 में से 5 कर्मचारियों से ही संपर्क किया गया है।
नेपाल में बुधवार को बाढ़ का पानी सुबह करीब 9 बजे (स्थानीय समय) भोटेकोशी नदी में तेजी से बढ़ा। बताया जा रहा है कि यह पानी तिब्बत की तरफ से आया था। नेपाल सेना ने एक बयान में कहा कि पानी के अचानक बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और पास के स्यापुर्बेँसी इलाके में भारी तबाही हुई, जिसमें गाड़ियां, सामान और अन्य संपत्तियां बह गईं।
--आईएएनएस
डीसीएच/