☰
×

नेपाल के अवसंरचना विकास मंत्री के साथ विक्रम मिस्री की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर हुई चर्चा

 

नई द‍िल्‍ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के निमंत्रण पर काठमांडू पहुंचे विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बुधवार को नेपाल के अवसंरचना विकास मंत्री सुनील लमसाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

नेपाल में भारतीय दूतावास ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर इस बैठक की जानकारी साझा की।

दूतावास से पोस्‍ट में लिखा, "भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नेपाल के अवसंरचना विकास मंत्री से मुलाकात की। बैठक के दौरान मंत्री सुनील लमसाल ने भारत और नेपाल के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने के बारे में अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। खास तौर पर बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा हुई।''

इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नेपाली विदेश सचिव अमृत बहादुर राय और वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वागले से मुलाकात की। इस द्विपक्षीय वार्ता में नेपाल-भारत संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। नेपाल का विदेश मंत्रालय ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर इस बैठक की जानकारी साझा की।

मंत्रालय ने पोस्‍ट में ल‍िखा, ''नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने बुधवार को काठमांडू में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। इस बैठक में नेपाल और भारत के संबंधों से जुड़े लगभग सभी प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय दौरों के आदान-प्रदान, संपर्क एवं कनेक्टिविटी, व्यापार, विकास सहयोग, ऊर्जा और लोगों के बीच आपसी रिश्तों जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच मौजूद मजबूत और करीबी संबंधों को भी रेखांकित किया गया।''

मंत्रालय ने एक अन्‍य पोस्‍ट में ल‍िखा, ''बैठक के दौरान वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने नेपाल और भारत के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा आपसी सहयोग के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया। यह मुलाकात नेपाल और भारत के बीच लगातार बढ़ते आर्थिक और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।''

नेपाल के विदेश सचिव के निमंत्रण पर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के लिए काठमांडू पहुंचे हैं। बुधवार को नेपाल में भारत के राजदूत सुधाकर दलेला और नेपाल के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। माना जा रहा है कि यह दौरा नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की आगामी भारत यात्रा की नींव तैयार करेगा।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम