×

नेपाल-भारत-श्रीलंका से जुड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 77.60 किलो हैशिश ऑयल और 2 किलो चरस जब्त

 

नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 2 किलोग्राम चरस जब्त की। जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी बरामद की गई है। इस मामले में अब तक एक श्रीलंकाई शरणार्थी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई देश को नशामुक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रग-फ्री इंडिया के विजन और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों के तहत की गई है। एनसीबी अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई चेन्नई जोनल यूनिट और हैदराबाद जोनल यूनिट के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई। जांच में पता चला कि यह नेटवर्क नेपाल, भारत और श्रीलंका के बीच सक्रिय था और बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।

खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी की हैदराबाद टीम ने 3 मार्च को तेलंगाना में बेंगलुरु-हैदराबाद हाईवे पर रायकल टोल प्लाजा के पास एक टाटा सफारी स्टॉर्म कार को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचों से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में दिल्ली के एक निवासी और उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह चरस और करीब 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल की खेप नेपाल के काठमांडू से भारत लाई गई थी। जांच में पता चला कि ड्रग्स की यह खेप सोनाौली भारत-नेपाल सीमा के जरिए भारत में लाई गई थी। गिरफ्तार तस्करों ने करीब 78 किलो हैशिश ऑयल की खेप पहले ही तमिलनाडु के थूथुकुडी में पहुंचा दी थी, जहां से इसे समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजने की योजना थी।

जैसे ही यह जानकारी सामने आई, एनसीबी की चेन्नई टीम सक्रिय हो गई। टीम ने थूथुकुडी में छापेमारी कर करीब 78 किलो हैशिश ऑयल तीन लोगों के कब्जे से बरामद कर लिया। इन तीनों में एक श्रीलंकाई शरणार्थी भी शामिल है। इस कार्रवाई के साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई। जांच एजेंसियों के अनुसार, तस्करों ने मादक पदार्थों की खेप को थूथुकुडी के समुद्री तट से मछली पकड़ने वाली नाव के जरिए अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के पास ले जाकर श्रीलंका के एक रिसीवर को सौंपने की योजना बनाई थी। इस योजना को नाकाम करने के लिए एनसीबी ने भारतीय तटरक्षक बल की मदद से कार्रवाई की और अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास संदिग्ध मछली पकड़ने वाली नाव को जब्त कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि जब्त किए गए मादक पदार्थों का अंतिम रिसीवर श्रीलंका में रहने वाला एक श्रीलंकाई नागरिक था, जिसने इस पूरे नेटवर्क को वित्तीय मदद देने के साथ-साथ नेपाल से श्रीलंका तक तस्करी की पूरी योजना का समन्वय किया था। एनसीबी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने, वित्तीय लेन-देन का पता लगाने और पूरे अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह को ध्वस्त करने के लिए काम कर रही हैं।

एनसीबी के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत से अब तक चेन्नई जोनल यूनिट ने 973.35 किलो गांजा, 87.64 किलो हैशिश ऑयल और 1.045 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया है। इन मामलों में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जब्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 12.5 करोड़ रुपए है।

इसके अलावा, एनसीबी चेन्नई द्वारा जांच किए गए पुराने मामलों में इस वर्ष तीन मामलों में सफल अभियोजन हुआ है, जिसमें कुल 8 आरोपियों को अदालत से सजा भी हो चुकी है। एनसीबी ने कहा कि यह कार्रवाई एक बार फिर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में एजेंसी की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

--आईएएनएस

पीएसके