नेपाल बाढ़ त्रासदी में भारत ने निभाई 'बड़े भाई' की भूमिका: आरएसपी सांसद मनीष झा
नेपाल, 27 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई इस भयावह आपदा में भारी संख्या में लोग प्रभावित हुए है। इसके साथ ही इलाके में भारी तबाही देखने को मिली है। इस बीच नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद मनीष झा ने भारत की तरफ से भेजे जा रही मदद और समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि इससे एक बड़े भाई की भूमिका का पता चलता है।
नेपाल की रूलिंग पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद मनीष झा ने कहा, "कभी-कभी हमारी भी कुछ सीमाएं होती हैं। हमारी पार्टी के चेयरमैन, राबी लामिछाने ने भी अपने भाषण में कहा कि भारत, चीन और नेपाल को एक साथ आना होगा। हम तीन अलग-अलग देश हैं, लेकिन हम हिमालय को शेयर करते हैं, इसलिए इस आपदा का तीनों देशों से कनेक्शन है।"
उन्होंने आगे कहा कि हमें मिलकर काम करने की जरूरत है और चीनी विदेश मंत्री भी सहमत हैं। उन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि हमें संभावित आपदाओं के बारे में पहले से जानकारी रखने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है।
मनीष झा ने कहा, "मैंने यह कई बार देखा है। मैंने भूकंप के दौरान देखा है और मैंने पड़ोसी जिले में आई बाढ़ के दौरान भी देखा है। उस समय भी, वह भारत के उत्तरी हिस्से को लेकर बहुत ध्यान रखते थे और चिंतित थे, और हमें जिस तरह का समर्थन मिल रहा है, उससे एक बड़े भाई की भूमिका का पता चलता है। इससे हमें एक तरह का भरोसा भी मिलता है कि हमारा एक अच्छा पड़ोसी है।"
नेपाल न्यूज ने गृह मांत्रालय के हवाले से बताया कि बुधवार सुबह रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद तलाशी, बचाव और राहत कार्यों को तेज करने के लिए कुल 13,295 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। तैनात किए गए कुल कर्मियों में से 7,250 नेपाल पुलिस के, 4,200 सेना के और 1,845 सशस्त्र पुलिस बल नेपाल (एपीएफ) के हैं।
कई इलाकों में सड़क संपर्क बाधित होने के कारण सुरक्षाकर्मी हवाई और जमीनी दोनों रास्तों से बचाव अभियान चला रहे हैं। सेना और निजी एयरलाइंस द्वारा संचालित हेलीकॉप्टरों ने 69 उड़ानें भरी हैं, जिससे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में फंसे 351 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बुधवार को भोटेकोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद विभिन्न स्थानों से कुल 258 शव बरामद किए गए हैं, और कई जिलों में तलाशी एवं बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के ताजा अपडेट के अनुसार, बरामद शवों में रसुवा से 2, नुवाकोट से 12, धादिंग से 27, गोरखा से 20, चितवन से 108, तनहुं से 12, नवलपरासी पूर्व से 63 और नवलपरासी पश्चिम से 15 शव शामिल हैं। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र उर्फ बालेन शाह ने देश के लोगों से एकजुट होकर रहने की अपील की।
--आईएएनएस
केके/एमएस