नेहा बोरा को सनातन का अपमान करने की आदत, खास समुदाय को बनाती हैं निशाना: शाहनवाज हुसैन
नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने नेहा बोरा के मंदिरों के पुजारियों पर दिए गए बयान, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की राहुल गांधी की लाल संविधान वाली टिप्पणी और उत्तर प्रदेश की पिछली सरकार में परिवारवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा का पक्ष रखते हुए विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा। नेहा बोरा के बयान को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि वह सनातन धर्म को निशाना बनाती हैं और इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उनकी आदत बन गई है।
नेहा बोरा के मंदिरों के पुजारियों पर किए गए कमेंट के बारे में पूछे जाने पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जिस तरह से नेहा बोरा सनातन का अपमान करती हैं और जिस तरह की भाषा बोलती हैं, उससे लगता है कि वह अपनी जुबान से कुछ भी कह देने को सही समझती हैं। नेहा बोरा देश में एक खास समुदाय और सनातन धर्म को मानने वालों को निशाना बनाती हैं। इस तरह की टिप्पणियां उनकी आदत बन गई हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान पर भी शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी लाल किताब लेकर घूम रहे हैं, जबकि उन्होंने हमेशा नीला संविधान देखा है। भाजपा प्रवक्ता ने फडणवीस की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने राहुल गांधी के बारे में सही बात कही है। हुसैन ने कहा कि राहुल गांधी पिछले लोकसभा चुनाव के समय से ही लाल संविधान लेकर घूम रहे हैं। संवैधानिक संस्थानों पर हमला करना और उनके खिलाफ माहौल बनाना राहुल गांधी की आदत बन गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा संविधान का पालन करती है, उसी के अनुसार काम करती है और उसका सम्मान करती है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया कि जिस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाया, वह संविधान का कितना सम्मान करेगी? भाजपा संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता रखती है, जबकि कांग्रेस को इस विषय पर सवालों का जवाब देना चाहिए।
उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों में परिवारवाद की राजनीति को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर भी शाहनवाज हुसैन ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने बिल्कुल सही बात कही है। पहले की सरकारें परिवार और बिरादरी को ध्यान में रखकर काम करती थीं, जबकि मौजूदा योगी सरकार लोक कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार के कामकाज और विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी काशी से सांसद हैं और उत्तर प्रदेश उनका भी प्रदेश है। राज्य में जिस तरह से विकास कार्य हो रहे हैं, उसे देखते हुए लोग मौजूदा सरकार को बरकरार रखना चाहते हैं।
वहीं, समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में परिवारवाद को बढ़ावा दिया गया और उत्तर प्रदेश में अपराधियों को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने परिवारवाद की राजनीति की और अपराध को बढ़ावा दिया, उनकी सत्ता में वापसी संभव नहीं है। शाहनवाज हुसैन ने समाजवादी पार्टी के नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि लाल टोपी वाले फिर सत्ता में नहीं आ सकते।
--आईएएनएस
पीएसके