नीट परीक्षा से लेकर फर्जी एनकाउंटर तक, शक्ति सिंह यादव ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
पटना, 21 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा, जेडीयू की राज्य और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए फर्जी एनकाउंटर के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने शाहपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच के आदेश पर भी टिप्पणी की।
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि आजाद हिंदुस्तान में यह पहला पेपर है जिसमें भारत सरकार ने सेना का इस्तेमाल किया है। इनका एग्जाम कराने वाला कंट्रोलर कितना लचर और कितना कमजोर है कि बार-बार परीक्षा लीक हो जा रही है।
जेडीयू की राज्य और राष्ट्रीय परिषद की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि इनके आंतरिक बैठकों से हमें कोई मतलब नहीं है, लेकिन चर्चा है कि नीतीश कुमार को दोबारा से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा। अगर वह जानते और पहचानते नहीं है तो अच्छा होगा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत को बना दें। पूरी सड़क वन-वे है, अगर हमारी पार्टी की बैठक होती तो ऐसा संभव नहीं होता।
उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव द्वारा लगाए गए फर्जी एनकाउंटर के आरोपों का समर्थन किया। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि तेजस्वी ने हमेशा से फर्जी एनकाउंटर का मुद्दा उठाया है। हम सब उनमें से नहीं है जो खंडसा उठाते हो। हमारी पार्टी राज्य के तमाम लोगों का ख्याल रखती है। फर्जी एनकाउंटर सरकार की असफलता और पुलिस की गिरती साख का प्रमाण है। इसीलिए कहता हूं कि फेक एनकाउंटर के सवाल पर दो तरह की धुन मत बजाओ।
बिहार के शाहपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच के आदेश पर उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि सच्चाई सबके सामने आए। जांच किससे करानी है, यह सरकार का फैसला है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी