×

NEET पेपर लीक पर जंतर-मंतर में उबाल: CJP का प्रदर्शन, हजारों छात्र-युवा पहुंचे; वीडियो में जाने विरोध में ‘हिट’ लेकर आया शख्स बाहर निकाला गया

 

नीट पेपर लीक समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया। इस प्रदर्शन में हजारों की संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग उठाई।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/WVJWMAeROZM?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/WVJWMAeROZM/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने मंच से कहा, “भारत आते ही लगा कि ये मेरी आजादी के आखिरी पल हैं। सरकार हमारी सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकती है, लेकिन हमें मिटा नहीं सकती।” उनके इस बयान पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया।

जंतर-मंतर पर जुटी भीड़ में सबसे बड़ी संख्या छात्रों और युवाओं की रही। कई छात्र ऐसे भी थे जो हाल के वर्षों में आयोजित विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक तथा अनियमितताओं से प्रभावित होने का दावा कर रहे थे। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने उनकी मेहनत और भविष्य दोनों को प्रभावित किया है।

प्रदर्शन में कुछ बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ पहुंचे। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होने से लाखों परिवारों की उम्मीदों को झटका लगा है। अभिभावकों ने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।

इस बीच प्रदर्शन के दौरान एक अजीब घटना भी देखने को मिली। एक व्यक्ति CJP के विरोध में कथित तौर पर कॉकरोच मारने वाला ‘हिट’ स्प्रे लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गया। वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद उसे कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया गया। घटना को लेकर कुछ समय तक हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं किया गया तो देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कई छात्रों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर परीक्षा में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं, प्रदर्शन स्थल पर नेटवर्क की समस्या भी देखने को मिली। कई लोगों ने मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर होने की शिकायत की। इससे सोशल मीडिया पर लाइव अपडेट साझा करने और परिजनों से संपर्क बनाए रखने में दिक्कतें आईं।

फिलहाल जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है और बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद हैं। आयोजकों का कहना है कि उनका आंदोलन छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई है तथा परीक्षा प्रणाली में सुधार होने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।