×

नीट पेपर लीक मामला: आरोपी धनंजय लोखंडे को 6 दिन की सीबीआई कस्टडी

 

नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी धनंजय लोखंडे को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 6 दिनों की सीबीआई कस्टडी में भेज दिया है। सीबीआई ने लोखंडे को गुरुवार को गिरफ्तार किया था और शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर उसकी हिरासत की मांग की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

इस मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इससे पहले, 12 मई को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें नीट यूजी 2026 परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ी गंभीर अनियमितताओं का जिक्र किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद सीबीआई की विशेष टीमें देश के विभिन्न हिस्सों में लगातार सक्रिय हैं और मामले से जुड़ी हर संभावित कड़ी की गहन जांच कर रही हैं। एजेंसी के अनुसार, कई अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इससे पहले, 5 आरोपियों को गुरुवार को राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था, जहां कोर्ट ने सीबीआई की मांग को मंजूर करते हुए उन्हें 7 दिनों की कस्टडी में भेज दिया था।

जांच एजेंसी का कहना है कि यह मामला व्यापक साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसमें कई राज्यों के लोग शामिल हो सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

बता दें कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। एजेंसियों की शुरुआती जांच में परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठे। इसी आधार पर परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया और अब इसे नए सिरे से आयोजित करने की तैयारी है। इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक के पीछे कौन सा नेटवर्क या सिंडिकेट काम कर रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

--आईएएनएस

पीएसके