×

नीट छात्रों को कोई परेशानी नहीं, यह प्रायोजित आंदोलन है: दिलीप जायसवाल

 

पटना, 22 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने पटना में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह आंदोलन वास्तविक छात्रों का नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से प्रायोजित विरोध-प्रदर्शन है। उन्होंने दावा किया कि नीट के छात्रों को किसी प्रकार की समस्या नहीं है क्योंकि सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि भविष्य में परीक्षा कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित की जाएगी। आंदोलन में शामिल लोग वास्तविक छात्र नहीं बल्कि राजनीतिक कार्यकर्ता हैं, जिनका उद्देश्य समाज का माहौल खराब करना है। ऐसे आंदोलन आयोजित कराने वाले लोग ही इसके लिए जिम्मेदार हैं।

दिलीप जायसवाल ने कहा कि समाज में तनाव का वातावरण बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ राजनीतिक स्तर पर जवाब दिया जाएगा। आने वाले एक सप्ताह से दस दिनों के भीतर भारतीय जनता पार्टी पूरे बिहार में व्यापक आंदोलन चलाएगी। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस मुख्यालय तक निकाले गए मार्च के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही प्रशासन को अपने प्रस्तावित प्रदर्शन की जानकारी दे दी थी। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ आयोजित किया गया था और भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे।

संजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके साथ मौजूद असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित साजिश के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। पत्थरों, लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें 29 भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ कार्यकर्ताओं को नौ-नौ टांके लगे हैं, किसी की रीढ़ में चोट आई है तो किसी की आंख के नीचे गंभीर चोट लगने से देखने में दिक्कत हो रही है। बड़े-बड़े पत्थरों से हमला किया गया, जो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

संजय गुप्ता ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार अराजकता फैलाने की राजनीति करती रही है और प्रधानमंत्री के खिलाफ इसी मानसिकता के साथ प्रदर्शन किया गया। प्रधानमंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि नीट और अन्य परीक्षा संबंधी मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। केंद्र सरकार सख्त कानून बनाने की दिशा में काम कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों को उकसाने का काम कर रही है और दिल्ली में हुए प्रदर्शन के माध्यम से भी माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। यह देश में अराजकता और अस्थिरता फैलाने की मानसिकता का हिस्सा है। भाजपा और देश की जनता इस प्रकार के प्रयासों को सफल नहीं होने देगी तथा कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

--आईएएनएस

पीएसके