☰
×

नीमच में राष्ट्रीय एकता दिवस पर 400 एनसीसी कैडेट्स ने बनाई मानव श्रृंखला, एकता का दिया संदेश

 

भोपाल, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन किया गया।

इस विशेष अवसर पर 5वीं मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी, मंदसौर के तत्वावधान में एक विशाल 'यूनिटी मार्च' यानी एकता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 400 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित अतिथियों ने भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी और आधुनिक भारत के शिल्पी सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

आयोजन में एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्य और शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को सरदार पटेल के योगदान और उनके द्वारा दिखाए गए एकता के मार्ग से अवगत कराना था।

इस अवसर पर सामूहिक रूप से राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली गई, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। शपथ के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि राष्ट्रीय एकता केवल एक विचार नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।

कैडेट्स ने अपने दाहिने हाथ ऊपर उठाकर देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और सत्यनिष्ठा से अपना योगदान देने का वचन दिया। यह आयोजन न केवल सरदार पटेल को याद करने का एक जरिया बना, बल्कि इसने समाज में भाईचारे और सद्भाव का संदेश भी प्रसारित किया। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और पूरे शहर में इस मार्च को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

नीमच के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को हम राष्ट्रीय एकता दिवस मना रहे हैं। इसके लिए मैं सभी को बढ़ाई देता हूं। इसी के साथ उनके द्वारा हमें दिए गए मार्गदर्शन को हमारे समाज और देश को फॉलो करना चाहिए। एकता के साथ रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारा देश इसी प्रकार मजबूत बनते रहें और हमारी आंतरिक एकता बनी रहें। देश आगे चलकर विकसित बनें। इसके लिए हम सभी को राष्ट्र निर्माण और एकता के साथ काम करते रहना चाहिए।

राजेश व्यास, एसपी नीमच ने कहा कि आज सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती है और पूरे देश में उनके जन्म दिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाना कैलेंडर की महज एक तारीख नहीं है, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव की याद दिलाता है। इसके साथ ही इस दिशा में पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारियों को भी रेखांकित करता है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी