☰
×

एनडीए नेताओं का कांग्रेस पर तंज, कहा-"कांग्रेस बिहार में पहले ही खत्म हो चुकी है, अब जनाधार खो रही"

 

पटना, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने खड़गे की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। वहीं, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने भी कांग्रेस की राजनीति और पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बयान कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस की यही राजनीतिक संस्कृति है और इसी कारण पार्टी पहले ही अपना जनाधार खो चुकी है।

उन्होंने कांग्रेस की एक बैठक में कम उपस्थिति का जिक्र करते हुए भी पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि खड़गे की बैठक में कांग्रेस के कार्यकर्ता तक नहीं पहुंचे थे। वहां खाली कुर्सियां और बेंच दिखाई दे रही थीं। कांग्रेस पूरे देश में अपना राजनीतिक अस्तित्व खो चुकी है और बिहार में तो पिछले 50 वर्षों से पार्टी का कोई खास वजूद नहीं रहा है।

इस बीच, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। खड़गे की टिप्पणी से जुड़े राजनीतिक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही परिवारवादी राजनीति में डूबी रही है और वह इससे कभी बाहर नहीं निकल सकती।

रजक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष या अन्य महत्वपूर्ण पदों पर वही लोग पहुंच सकते हैं, जो पार्टी के एक परिवार के प्रति समर्पित हों। उन्होने कहा कि उनके इस बयान से कांग्रेस की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।

वहीं, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर रजक ने कहा कि यह एक लंबी बहस का विषय है, जिसे एक शब्द में नहीं समेटा जा सकता। उन्होंने कहा कि सनातन और हिंदू अलग-अलग विषय हैं। श्याम रजक ने दिग्विजय सिंह को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें राजनीति के माध्यम से परिपक्व होना चाहिए और शंकराचार्य बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम