×

गुजरात से पैसा लाकर बिहार में चुनाव लड़ा जा रहा: पप्पू यादव

 

पूर्णिया, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सोमवार को एनडीए पर गंभीर आरोप लगाया है। पप्पू यादव ने कहा कि गुजरात से पैसा लाकर एनडीए चुनाव लड़ रही है और इसके लिए तीन दिन तक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बिहार में रहते हैं।

पप्पू यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "आप देख सकते हैं कि चुनाव गुजरात से हथियार, बारूद, पिस्तौल, गोलियां और गुजरात के पैसे लेकर लड़े जा रहे हैं। मुझे शक है कि इन चुनावों को जाली नोटों के जरिए प्रभावित किया जा रहा है। कई विमान भी गुजरात से मंगाए गए हैं।"

उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस बार बिहार में चुनाव हो रहा है, वह सोचने लायक है। खास बात तो यह है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जब यहां के होटल में बैठक करते हैं तो उसमें कुछ लोग गुजरात के भी रहते हैं जो लोग पैसा डंप करते हैं।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि हमें शक है कि इस बार चुनाव में जाली नोट का भी इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे चुनाव प्रभावित हो रहा है और जनता को गुमराह भी किया जा रहा है। बिहार का चुनाव इस बार बाहुबल और पैसे के दम पर जीतने का प्रयास किया जा रहा है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।

उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार चुनाव में जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां से फोर्स मांगाकर चुनाव में लगाया गया है, जबकि बिहार के आस-पास के प्रदेशों में प्रयाप्त मात्रा में फोर्स थी, लेकिन वहां से नहीं मांगा गया है। इस बात का भी संकेत है कि जानबूझकर ये किया जा रहा है और एनडीए को जीताया जा रहा है।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि बिहार की जनता सब जान चुकी है और जनता उसी का साथ देने वाली है जो सही है। दूसरे चरण में फिर से अच्छी वोटिंग होगी और महागठंबधन के पक्ष में फैसला आ सकता है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएसके