×

एलपीजी की किल्लत महज अफवाह, एनडीए सांसदों ने जनता से की धैर्य की अपील

 

नई दिल्ली, 11 मार्च (आईएएनएस)। देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर सदन में लगातार हंगामा जारी है। वहीं एनडीए के सांसद इसे अफवाह बता रहे हैं। एनडीए के सांसदों का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है, कुछ लोग जानकर अफवाह फैला रहे हैं।

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पत्रकारों से बात करते हुए स्पष्ट किया है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विषय की समीक्षा की है और सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से बचना चाहिए और अनावश्यक रूप से सिलेंडर की जमाखोरी नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग माहौल खराब करने के लिए अफवाह फैला रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और स्थिति नियंत्रण में है।

इधर संसद के भीतर भी विभिन्न मुद्दों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा सांसद शशांक मणि ने सदन की कार्यवाही पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाल ही में हुई चर्चा में सभी सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली भावना तभी दिखाई देती है जब सदन सुचारु रूप से चलता है और सभी पक्ष अपनी राय रखते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी सदन में इसी तरह स्वस्थ चर्चा जारी रहेगी।

भाजपा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि वैश्विक परिस्थितियां भले ही चुनौतीपूर्ण हों, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनता को न्याय दिलाने और देश के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में देश के नागरिकों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।

वहीं भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी आदत है कि वे किसी मुद्दे पर प्रस्ताव तो रखते हैं, लेकिन जब उस पर चर्चा का समय आता है तो सदन में उपस्थित नहीं रहते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का उद्देश्य संसद का समय बर्बाद करना और कार्यवाही में बाधा डालना है।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र की राजनीति का जिक्र करते हुए शिवसेना और ठाकरे परिवार पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि शिवसेना की असली ताकत बाला साहब ठाकरे की विचारधारा रही है और उसी रास्ते पर चलते हुए एकनाथ शिंदे हिंदुत्व की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं और भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं।

इसके अलावा भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने महिला सशक्तीकरण को केंद्र सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि संसदीय व्यवस्था में महिला आरक्षण जैसे कदमों से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें लोकसभा, विधानसभा तथा अन्य चुनावों में अधिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/एएस