×

एनसीआर में तेज हवाओं से राहत, अधिकांश इलाके रेड जोन से बाहर, प्रदूषण में आंशिक सुधार

 

नोएडा, 3 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले कुछ दिनों से चल रही तेज सतही हवाओं ने लोगों को प्रदूषण से राहत प्रदान की है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी यह स्थिति बनी रहेगी, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल एक्यूआई में केवल आंशिक बदलाव देखने को मिला है, लेकिन राहत की बात यह है कि एनसीआर के लगभग 90 प्रतिशत इलाके इस समय गंभीर श्रेणी (रेड जोन) से बाहर हैं।

दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) और अन्य एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में एक्यूआई 291 दर्ज किया गया, जो अभी भी उच्चतम स्तर पर है।

इसके अलावा, बवाना में 236, अशोक विहार में 221, और डॉ. करनी सिंह शूटिंग रेंज में 220 एक्यूआई दर्ज किया गया। वहीं, अलीपुर और सीआरआरआई मथुरा रोड पर एक्यूआई 186 दर्ज किया गया। आया नगर में एक्यूआई 161 रहा, जो अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति को दर्शाता है। चांदनी चौक का एक्यूआई 199 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 204 रिकॉर्ड किया गया।

नोएडा की बात करें तो यहां के चारों सक्रिय स्टेशनों पर एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहा। सेक्टर-125 में एक्यूआई 207, सेक्टर-62 में 169, सेक्टर-1 में 232 और सेक्टर-116 में 210 दर्ज किया गया। वहीं, गाजियाबाद में लोनी सबसे प्रदूषित रहा, जहां एक्यूआई 249 दर्ज हुआ।

इंदिरापुरम में 202, वसुंधरा में 216 और संजय नगर में 168 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के तीन दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी और तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी।

3 मार्च को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि 4 मार्च को पारा 33 डिग्री तक पहुंच जाएगा। 5 मार्च को तापमान 34 डिग्री तक जाने की संभावना है। हवा में नमी की मात्रा में भी उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाएं प्रदूषक कणों को बिखेरने में सहायक होती हैं, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होता है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस