×

एनसीआर में मौसम का बदला मिजाज, तेज बारिश और आंधी का अनुमान; येलो अलर्ट जारी

 

नोएडा, 27 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर 29 मार्च को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 मार्च को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। इस दिन सामान्यतः आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई। साथ ही 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

28 मार्च को मौसम आंशिक रूप से साफ रहने का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री रहने की संभावना है। हालांकि, 29 मार्च को मौसम अचानक ज्यादा सक्रिय हो जाएगा। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

सुबह से लेकर शाम तक गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 30 मार्च को भी मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं होगा। इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है। लगातार हो रही हल्की बारिश और बूंदाबांदी का असर वायु गुणवत्ता पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार दर्ज किया गया है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 180, चांदनी चौक में 171, अलीपुर में 155 और बवाना में 150 दर्ज किया गया, जो पहले की तुलना में बेहतर स्थिति दर्शाता है।

वहीं, नोएडा के सेक्टर-1 में एक्यूआई 142, सेक्टर-62 में 132, सेक्टर-125 में 126 और सेक्टर-116 में 141 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एनसीआर में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीएससी