एनसीआर में अधिकतर इलाकों में एक्यूआई 400 के पार, 15 नवंबर को हल्की बारिश के आसार
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रदूषण ने एक बार फिर विकराल रूप धारण कर लिया है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर को मानो 'गैस चैंबर' में तब्दील कर दिया गया है। हवा की गुणवत्ता इस कदर खराब हो चुकी है कि सांस लेना मुश्किल हो गया है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अधिकतर इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 से 400 के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि कई इलाके ऐसे हैं जहां एक्यूआई 400 के खतरनाक स्तर को भी पार कर गया है। राजधानी दिल्ली के विभिन्न मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक है। दिल्ली पीसीबी और आईटीएम के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई इलाकों की हवा जहरीली हो चुकी है।
सबसे अधिक प्रदूषण दिल्ली के एनआईएच नरेला में दर्ज किया गया है, जहां एक्यूआई 433 है। इसके अलावा नॉर्थ कैंपस, डीयू में एक्यूआई 422, पूसा में 416 और एनएसयूटी जाफरपुर में 396 रहा। पंजाबी बाग (394), एनएसआईटी द्वारा (388), पटपड़गंज (334) और ओखला फेज-2 (315) जैसे इलाकों में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। पूसा में भी स्थिति गंभीर है जहां एक्यूआई 304 दर्ज हुआ है।
दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है। नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 439 तक पहुंच गया है, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। सेक्टर-110 में 321, सेक्टर-39 में 282, सेक्टर-150 में 278, सेक्टर-116 में 253, सेक्टर-1 में 237 और सेक्टर-125 में 223 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
वहीं ग्रेटर नोएडा के हालात भी कम नहीं हैं। नॉलेज पार्क-V में 357, घोड़ी बछेड़ा में 352, गौर यमुना सिटी में 317, नॉलेज पार्क-III में 312 और शिव नादर यूनिवर्सिटी में एक्यूआई 295 रहा।
गाजियाबाद भी प्रदूषण के गंभीर दायरे में है। नई तहसील-लोनी में एक्यूआई ठीक 400 पर पहुंच गया है। डासना देहात में 390, वेव सिटी में 384, लोनी में 374, वसुंधरा में 366, इंदिरापुरम में 361, वेद विहार-लोनी में 322 और संजय नगर में 318 एक्यूआई दर्ज किया गया है। गोविंदपुरम में 205 एक्यूआई के साथ स्थिति थोड़ी बेहतर है, लेकिन यह भी सुरक्षित स्तर से काफी ऊपर है। प्रदूषण के इस बढ़ते कहर के बीच मौसम विभाग (आईएमडी) ने एक राहत भरी खबर दी है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 नवंबर को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बारिश के बाद प्रदूषण के स्तर में कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि, 14 नवंबर, 16, 17, 18 और 19 नवंबर को घना कोहरा रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच रह सकता है। हवा में नमी (ह्यूमिडिटी) 95 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे स्मॉग और कोहरे की चादर और गहरी हो सकती है।
फिलहाल सुबह के वक्त वातावरण में छाए स्मॉग और धुंध की वजह से लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित हो रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस