×

एनसीआर में अचानक बदला मौसम, धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से जनजीवन प्रभावित

 

नोएडा, 18 मार्च (आईएएनएस)। नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने बुधवार को अचानक करवट ले ली, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।

शाम के बाद अचानक आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके बाद कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। धूल भरी आंधी का सबसे ज्यादा असर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख सड़कों पर देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के कारण उड़ती धूल ने विजिबिलिटी (दृश्यता) को काफी कम कर दिया।

इसके चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई जगहों पर ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आया। अचानक बदले मौसम के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है।

तेज हवाओं की गति 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे धूल भरी आंधी की स्थिति बनती है। विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान और पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क हवाएं भी धूल को अपने साथ लेकर आती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धुंध जैसी स्थिति बन जाती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आंधी इतनी तेज थी कि कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, जबकि खुले क्षेत्रों और निर्माण स्थलों से उठी धूल ने स्थिति को और खराब कर दिया। हालांकि, इसके बाद हुई हल्की बारिश से वातावरण में मौजूद धूल कुछ हद तक बैठ गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने पहले ही अगले कुछ दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और बारिश, तेज हवाएं तथा गरज-चमक की संभावना जताई है। इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर धूल भरी आंधी ने सफर करने वालों के लिए परेशानी बढ़ा दी है।

विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले में खड़े वाहन और ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखें, तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। आने वाले दिनों में भी इसी तरह के मौसम के बने रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे एनसीआर के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीके