×

'एनसीपी आए या कोई और, एनडीए में सभी का स्वागत' : दिलीप घोष

 

कोलकाता, 28 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने एनसीपी के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर कहा कि एनडीए में पहले से 24 दल शामिल हैं। अगर चार और दल गठबंधन में आना चाहते हैं तो इसमें कोई परेशानी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विकास के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग विकास के रास्ते में बाधाएं खड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब देश की जनता सब कुछ साफ-साफ देख रही है। पीएम मोदी जनता के हित में काम कर रहे हैं और जो भी इस प्रयास का समर्थन करना चाहता है, उसका स्वागत है। ज्यादा दलों का साथ आना लोकतांत्रिक दृष्टि से अच्छी बात है।

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़े फर्जी हस्ताक्षर मामले पर दिलीप घोष ने कहा कि यह मामला पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर में पहले जिस तरह की राजनीति होती थी, वहां फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीते जाते थे और मतदान प्रक्रिया में भी गड़बड़ी की जाती थी। उन्होंने दावा किया कि जिस टीएमसी को वहां कभी आठ लाख वोट मिले थे, वह अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

दिलीप घोष ने कहा कि शिबाशीष रॉय और अन्य लोगों ने जो कुछ किया, वह लोगों को गुमराह करने के लिए फैलाया गया झूठा प्रचार था। अब धीरे-धीरे सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस पूरे मामले में डॉक्टरों की भूमिका क्या थी और विदेश जाने की तैयारी के लिए फर्जी प्रमाणपत्र कैसे बनाए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच के बाद सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगी।

बिहार में एके-47 से फायरिंग की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जहां भी ऐसी घटना होगी, सरकार उसकी जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

वहीं, राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि भारत लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के साथ-साथ ओलंपिक और एशियाई खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और लगातार पदक जीत रहे हैं। खेलों में सफलता एक लंबी प्रक्रिया का परिणाम होती है। 'खेलो इंडिया' जैसी सरकारी योजनाओं के तहत खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और विदेश में प्रशिक्षण दिया गया। नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों से शुरू हुई यह तैयारी अब बेहतर परिणाम दे रही है और आने वाले समय में भारत को खेलों में इससे भी बड़ी सफलताएं मिलेंगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम