☰
×

नए राज्यपालों की नियुक्ति पर पुष्कर धामी और रेखा गुप्ता समेत मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

 

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किए जाने के बाद कई वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्रियों ने नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के नए राज्यपाल बृज मोहन राम को बधाई देते हुए कहा कि वह उनके मार्गदर्शन और सहयोग के साथ समृद्ध, समावेशी और विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने को उत्सुक हैं। उन्होंने आशा जताई कि उनका कार्यकाल सेवा भावना और जनता की आकांक्षाओं को और मजबूत करेगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता के रूप में बिसेन का व्यापक राजनीतिक अनुभव तथा जनसेवा के प्रति समर्पण उल्लेखनीय रहा है। धामी ने उनके सफल और मंगलमय कार्यकाल की कामना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी नवनियुक्त राज्यपालों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा का उनका लंबा अनुभव, संगठनात्मक जीवन में तपस्या, सिद्धांतों के प्रति निष्ठा और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में संवैधानिक मूल्यों, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को नई शक्ति मिलेगी।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा की वरिष्ठ नेता डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाए जाने पर विशेष बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव का व्यापक अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के निर्वहन में मार्गदर्शक साबित होगा।

वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सभी नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि नवनियुक्त राज्यपाल अपने अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण से संबंधित राज्यों में संवैधानिक मूल्यों और सुशासन को और मजबूत करेंगे।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हाल ही में राज्यपालों की नई नियुक्तियों और स्थानांतरण को मंजूरी दी है। इसके तहत ओम प्रकाश माथुर को केरल, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, बृज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी