×

बिहार: नवादा कलेक्ट्रेट में टास्क फोर्स की बैठक, मद्य निषेध, नारकोटिक्स और अवैध खनन पर हुई समीक्षा

 

नवादा, 10 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले में कानून-व्यवस्था और विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा के लिए 9 मार्च 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने की। बैठक में मद्य निषेध, नारकोटिक्स नियंत्रण, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन और किशोर श्रम निषेध जैसे कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।

मद्य निषेध से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि फरवरी महीने में शराब की बरामदगी और गिरफ्तारी की संख्या जनवरी की तुलना में बढ़ी है। हालांकि समीक्षा में यह भी सामने आया कि करीब 23 हजार लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण अभी तक लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने चिंता जताई और अधिकारियों को जल्द से जल्द जब्त शराब का विनष्टीकरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महुआ फूल चुनने के समय कुछ लोग आसपास के जंगलों में आग लगा देते हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान होता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में भूमि से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि भूमि सुधार उपसमाहर्ता, नवादा सदर के पास 159 मामले लंबित हैं। इस संबंध में जानकारी दी गई कि समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कर दी गई है और इन मामलों के निपटारे के लिए 28 मार्च 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। जिला पदाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जब्त वाहनों की नीलामी को लेकर भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 164 वाहनों का मूल्यांकन अभी लंबित है, जिनमें पुलिस थानों के 41 और उत्पाद विभाग के 121 वाहन शामिल हैं। वहीं 168 वाहनों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है और उनकी नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित वाहनों का मूल्यांकन जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में नारकोटिक्स नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिले में मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। साथ ही अवैध अफीम और गांजा की खेती को नष्ट करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा अवैध खनन के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 13,657.04 लाख रुपए के लक्ष्य के मुकाबले 12,261.21 लाख रुपए0 का राजस्व प्राप्त हुआ है। अप्रैल 2025 से अब तक 1,478 छापेमारी की गई, 236 प्राथमिकी दर्ज की गईं, 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 475 वाहन जब्त किए गए हैं। इस दौरान 602.81 लाख रुपए की वसूली भी की गई है।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल राजस्व में वृद्धि होगी बल्कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और सभी को अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।

--आईएएनएस

एमएस/