‘नेवी शौर्य संग्रहालय’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को लखनऊ दौरे पर रहेंगे। वह अपने इस दौरे के दौरान ‘नेवी शौर्य संग्रहालय’ के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी।
उन्होंने एक्स पोस्ट पर लिखा कि 30 मई को मैं लखनऊ में रहूंगा। मैं ‘नेवी शौर्य संग्रहालय’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होऊंगा। मुझे इसका बेसब्री से इंतजार है।
दूसरी ओर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ में पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन नौसेना शौर्य संग्रहालय के उद्घाटन समारोह से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियां का जायजा लिया।
उन्होंने नवनिर्मित नौसेना शौर्य संग्रहालय को वीरता, राष्ट्रभक्ति और भारतीय नौसेना के गौरव का प्रेरणादायी प्रतीक बताया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पर्यटन विभाग द्वारा निर्माणाधीन नौसेना शौर्य संग्रहालय का स्थलीय भ्रमण कर लोकार्पण कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण किया। 30 मई को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस भव्य संग्रहालय का लोकार्पण होगा। यह संग्रहालय भारतीय नौसेना के शौर्य, साहस, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की गौरवगाथा को समर्पित एक प्रेरणादायक धरोहर बनेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य विरासत और वीर जवानों के सम्मान को नई पहचान मिली है। यह संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, पराक्रम और बलिदान की भावना से प्रेरित करता रहेगा।
बता दें कि इस परियोजना का निर्माण भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। संग्रहालय में भारतीय नौसेना पोत गोमती से जुड़े कई वास्तविक नौसैनिक उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे, जिनमें लंगर, एके-726 मीडियम रेंज तोप, सीईटी-53एम पनडुब्बी अवरोधक प्रणाली, जिफ-101 लॉन्चर, कैपस्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज के प्रोपेलर जैसे उपकरण शामिल हैं।
परियोजना के तहत ओपन एयर म्यूजियम में भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठित टीयू-142 विमान और एसके-42बी हेलीकॉप्टर को भी स्थापित किया जाएगा। संग्रहालय में क्यूरेशन कार्य के जरिए नौसेना के इतिहास, समुद्री सुरक्षा और युद्धक क्षमता को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी