×

नौसैनिक स्टेशन में अत्याधुनिक 64-स्लाइस सीटी स्कैन, ‘गोल्डन ऑवर’ में मिलेगा त्वरित इलाज

 

नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना ने स्वास्थ्य सेवाओं को और आधुनिक एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत अत्याधुनिक 64-स्लाइस सीटी स्कैन केंद्र की शुरुआत की गई है। दिल्ली में शुरू किए गए इस केंद्र व परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 8,000 लाभार्थियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। साथ ही दुर्घटना और मस्तिष्काघात जैसे गंभीर मामलों में ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान त्वरित चिकित्सा प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी। यह जटिल समय में मरीज की जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

इस चिकित्सा सुविधा का उद्घाटन नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने किया। नौसेना के अनुसार, यह 64-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया और रोग निदान क्षमता को काफी मजबूत करेगी। विशेष रूप से ट्रॉमा, बाल चिकित्सा और न्यूरोलॉजिकल मामलों में यह सुविधा तेजी से और सटीक जांच सुनिश्चित करेगी। मशीन के माध्यम से सिर, छाती, पेट, हड्डियों, आघात संबंधी मामलों तथा कॉन्ट्रास्ट आधारित जांच सहित विभिन्न प्रकार की उन्नत रेडियोलॉजिकल इमेजिंग की जा सकेगी। इससे समय पर बीमारी की पहचान और उपचार में सहायता मिलेगी।

नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित नेवल स्टेशन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ‘स्वस्तिका’ में गुरुवार को यह अत्याधुनिक 64-स्लाइस सीटी स्कैन केंद्र का शुरू किया गया। यह केंद्र भारतीय नौसेना और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किया गया है। इस दौरान वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारियों तथा पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के प्रतिनिधि भी उपस्थिति रहे। नेवल स्टेशन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर ‘स्वस्तिका’ दिल्ली स्थित नौसैनिक स्टेशन की प्रमुख स्वास्थ्य सुविधा है। यह लगभग 5,500 सेवारत नौसैनिक कर्मियों, 15,000 आश्रितों तथा 2,500 पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है।

नौसेना के मुताबिक, नए सीटी स्कैन केंद्र के शुरू होने से हजारों नौसैनिक कर्मियों और उनके परिवारों को उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाओं तक तेज और बेहतर पहुंच उपलब्ध हो सकेगी। भारतीय नौसेना ने कहा कि यह पहल देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में तैनात नौसैनिक कर्मियों और उनके परिवारों के लिए मजबूत एवं आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से नौसेना अपने कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता को लगातार आगे बढ़ा रही है।

यहां इस मौके पर नौसेना कल्याण एवं वेलनेस एसोसिएशन की अध्यक्ष शशि त्रिपाठी और पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के बोर्ड की सीएसआर समिति की अध्यक्ष गीता नय्यर मौजूद रहीं। दोनों के बीच एक समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। इस दौरान नौसेना प्रमुख तथा पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय शुक्ला भी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी