×

नासिक में कृषि मंत्री भरणे ने फसल नुकसान का किया निरीक्षण, किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा

 

नासिक, 24 सितंबर (आईएएनएस)। सिन्नर तालुका के धोंडवीरनगर में कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने गुरुवार को खेतों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों से संवाद किया। उन्होंने प्राकृतिक संकट तथा बारिश में आए खंड के कारण फसलों को हुए नुकसान, किसानों की समस्याओं और जमीनी स्थिति की जानकारी ली।

इस अवसर पर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा, “किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। इस कठिन समय में राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और नुकसानग्रस्त किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”

इस दौरान विधायक एडवोकेट माणिकराव कोकाटे, कृषि आयुक्त सूरज मांढरे, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी रवींद्र माने सहित कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित थे।

कृषि मंत्री भरणे ने कहा कि अल नीनो का प्रभाव, बदलता मौसम और बारिश में अनियमितता के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में किसानों को प्राकृतिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्याओं से सरकार पूरी तरह अवगत है। नुकसानग्रस्त किसानों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने भी विभिन्न क्षेत्रों का प्रत्यक्ष दौरा कर किसानों से संवाद किया है। नुकसानग्रस्त किसानों को सहायता देने के लिए आवश्यक अधिसूचना शनिवार तक जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा और अन्य आवश्यक कार्रवाई तत्काल पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि अधिकारी किसानों के दरवाजे तक पहुंचें और उनकी समस्याओं को समझें। शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाते समय कोई भी किसान लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसान सरकार की सहायता प्रक्रिया के केंद्र में हैं। मौजूदा प्राकृतिक संकट के दौरान नुकसानग्रस्त किसानों को अधिक से अधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रयासरत है।

कृषि मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाते समय बैंक स्तर पर किसी प्रकार की अड़चन नहीं आनी चाहिए। पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ देने में बाधा उत्पन्न करने वाले बैंकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना सहित शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र किसानों को दिया जा रहा है। प्राकृतिक संकट की इस स्थिति में किसानों को राहत और आधार देने के साथ ही फसल नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कार्रवाई को गति दी जा रही है, ऐसा कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने स्पष्ट किया।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी