×

नासिक सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 मामलों में फरार चल रहा मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

नासिक, 14 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के गंगापुर पुलिस स्टेशन की क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर चेन स्नेचिंग और वाहन आगजनी समेत कुल 6 गंभीर मामलों में संलिप्त होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे जयशिवम बंगला, संदीप सुपर मार्केट, डीके सोनवणे चौक, शिवाजीनगर (नासिक) क्षेत्र में आरोपी किशन संदीप परदेशी (28 वर्ष) अपने दो साथियों के साथ स्कूटी से पहुंचा।

आरोपी ने शिकायतकर्ता के घर के कंपाउंड में घुसकर महिंद्रा कार और एमजी कार में आग लगा दी। इतना ही नहीं, घर पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया, मुख्य दरवाजे पर फायरिंग की गई और खिड़की में भी आग लगाने का प्रयास किया गया।

इस मामले में कानून की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। इस बीच पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि आरोपी निगल पार्क और सत्यम वाइन क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद टीम ने इलाके में जाल बिछाया।

आरोपी रिक्शा से उतरकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशन संदीप परदेशी, निवासी साईं श्रद्धा रो-हाउस, ध्रुवनगर, नासिक के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथियों अक्षय बोरकर और प्रशांत यादव के साथ मिलकर नासिक और पुणे में कुल 6 अपराध अंजाम दिए। गंगापुर पुलिस स्टेशन, सतपुर पुलिस स्टेशन, चिखली पुलिस स्टेशन और संत तुकाराम महाराज पुलिस स्टेशन में भी केस दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संदीप कर्णिक, पुलिस उपायुक्त (जोन-1) मोनिका राउत तथा एसीपी सरकारवाड़ा डिवीजन सुधाकर सुरडकर के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम