☰
×

'नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सब आगे आएं', पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम पर सीएम धामी

 

देहरादून, 29 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो प्रोग्राम 'मन की बात' के 140वें संस्करण को सुना। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट भी किया।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 140वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने नशामुक्त युवा अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने 'संचार साथी' ऐप की उपयोगिता का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से अब तक 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन वापस दिलाए जा चुके हैं। साथ ही, साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबरों पर कार्रवाई कर लगभग 5,000 करोड़ रुपए के संभावित वित्तीय नुकसान को रोकने में भी मदद मिली है।''

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ''उन्होंने भारतीय संग्रहालयों की बढ़ती वैश्विक पहचान और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों पर चर्चा की। साथ ही, भारतीय चॉकलेट एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता और विशिष्टता का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री जी ने स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश देते हुए 'संडे ऑन साइकिल' जैसी पहल के साथ साइकिल चलाने, योग और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा फिट इंडिया मूवमेंट को जन-आंदोलन बनाने के लिए देशवासियों को प्रेरित किया।''

वहीं, सीएम धामी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम किसी भी देश के शासक का इतने लंबे समय तक का चलने वाला अपने आप में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम है। इससे करोड़ों-करोड़ों लोगों को सीधे-सीधे प्रेरणा, पहचान और प्रोत्साहन मिलता है और समाज में बहुत सारे काम जो लोगों को सीधे-सीधे करने चाहिए, उनके उदाहरणों के द्वारा जैसे आज नशे को लेकर उन्होंने एक नौजवान युवा के अनुभव बताए कि कैसे वो नशे की चपेट में गया और कैसे उससे नशा छूटा है, तो सच में वो बहुत प्रेरणादायी था। प्रधानमंत्री ने ऐसे बहुत सारे लोग जो कर्मयोगी के रूप में निरंतर सेवा करते रहे, निरंतर काम करते रहे, लेकिन उनको देख नहीं पा रहे थे लोग, उनको दुनिया के सामने लाने का भी काम किया है।''

उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत सारे एपिसोड में उन्होंने उत्तराखंड का जिक्र किया है, चाहे वो पर्यावरण से संबंधित हो, चाहे वो हमारे स्थानीय उत्पादों से संबंधित हो, महिलाओं से संबंधित हो, शिक्षा के क्षेत्र में घोड़ा लाइब्रेरी और बेड़ू से संबंधित हो, वो सभी चीजें वो लाए हैं। मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी व्यक्त करता हूं।"

--आईएएनएस

एसके/एबीएम