×

नशा मुक्त ओडिशा अभियान को सफलता, सोनपुर में 13 करोड़ रुपए का गांजा जब्त

 

सोनपुर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त ओडिशा अभियान’ के तहत सोनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे 12.5 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा सुबालया थाना क्षेत्र से होकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए संदिग्ध वाहन को रोकने की कार्रवाई की।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही ट्रक चालक और उसके साथ मौजूद अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

इस बड़ी कार्रवाई की राज्य पुलिस मुख्यालय ने सराहना की है। ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) योगेश बहादुर खुरानिया ने सफल अभियान के लिए सोनपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) नारायण नायक और उनकी टीम को बधाई दी है।

इस संबंध में सुबालया थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है।

बता दें कि ओडिशा सरकार ने राज्य को पूरी तरह से नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नशे की समस्या को खत्म करने के लिए 100 सप्ताह के जन-आंदोलन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा कलिंगा स्टेडियम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की। यह कार्यक्रम 'नशा मुक्त भारत और विकसित भारत 2047' अभियान की शुरुआत के मौके पर आयोजित किया गया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली से शुरू किया था।

मुख्यमंत्री माझी के अलावा राज्यपाल डॉ हरिबाबू कम्भम्पति, खेल और युवा सेवा मंत्री सूर्यबंशी सूरज और सैकड़ों छात्रों ने केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के तहत 'माई भारत' द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को वर्चुअली देखा, जिसे प्रधानमंत्री ने संबोधित किया। गवर्नर डॉ कम्भम्पति ने वहां मौजूद सभी लोगों को 'नशा मुक्त युवा – विकसित भारत प्रतिज्ञा अभियान' की शपथ दिलाई।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी