नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान जारी, सोपोर पुलिस ने 23 ड्रग तस्कर पकड़े
सोपोर, 11 मई (आईएएनएस)। 11 अप्रैल को शुरू हुए 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत सोपोर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग को रोकने के लिए पुलिस लगातार नशा-विरोधी अभियान, जागरूकता कार्यक्रम और प्रवर्तन अभियान चला रही है।
अभियान के दौरान अब तक सोपोर पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत 22 एफआईआर दर्ज की हैं और मादक पदार्थों की तस्करी और संबंधित गतिविधियों में शामिल 23 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है।
विभिन्न अभियानों के दौरान सोपोर पुलिस ने 5 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किए, साथ ही हजारों साइकोट्रॉपिक कैप्सूल, टैबलेट और कोडीन सिरप की 21 बोतलें जब्त कीं, जिसकी कीमत मार्केट में 40 लाख रुपए से अधिक है।
7 आदतन मादक पदार्थों के अपराधियों के खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें कश्मीर घाटी के बाहर की जेलों में रखा गया। इसके अलावा, जिले भर में मादक पदार्थों के 170 संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।
मादक पदार्थों की आपूर्ति नेटवर्क को नष्ट करने के लिए सोपोर पुलिस ने 8 हॉटस्पॉट आधारित मादक पदार्थ विरोधी अभियान चलाए और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्ध स्थानों पर 41 छापे मारे।
पुलिस ने जिले भर में मेडिकल स्टोर और फार्मेसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान 257 दवा दुकानों, फार्मेसियों की जांच की गई, जिसके परिणामस्वरूप औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत 20 उल्लंघन पाए गए। इसके बाद 11 मेडिकल स्टोर सील कर दिए गए, जबकि कई दुकानदारों के लाइसेंस औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा निलंबित और रद्द कर दिए गए।
नशीले पदार्थों की अवैध खेती के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी, कृषि और राजस्व विभागों के साथ संयुक्त रूप से चलाए गए अफीम की खेती विरोधी अभियानों के दौरान 5 स्थानों पर अवैध अफीम की खेती नष्ट कर दी गई और एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 4 एफआईआर दर्ज की गईं। प्रशासनिक और निवारक उपायों के तहत 10 ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को प्रतिबंधित किया गया है।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी