नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नामकरण पर जेवर विधायक ने जताया आभार, बताया ऐतिहासिक फैसला
नोएडा, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर के नामकरण को लेकर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त किया है।
विधायक धीरेंद्र सिंह शुक्रवार को नव नामकरण किए गए एयरपोर्ट पहुंचे और जेवर, नोएडा तथा गौतमबुद्ध नगर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री एवं प्रदेश मंत्रिपरिषद के प्रति हार्दिक कृतज्ञता जताई। उन्होंने इस निर्णय को क्षेत्र के लिए गौरव, सम्मान और ऐतिहासिक महत्व से जुड़ा कदम बताया।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण पूरे जेवर, नोएडा और गौतमबुद्ध नगर के लिए गौरव का विषय है। यह निर्णय न केवल क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्रदान करेगा, बल्कि देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान के प्रति सम्मान भी व्यक्त करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की अनवरत सेवा के माध्यम से भारतीय राजनीति की दिशा और दशा को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में देश के विकास को नए आयाम मिले हैं। ऐसे में उनके नाम पर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण होना क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक सम्मान की बात है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश मंत्रिपरिषद के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम जेवर की धरती को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ने वाला ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि नोएडा-जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के विकास का एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बनेगा। इससे क्षेत्र की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि एयरपोर्ट केवल हवाई यातायात की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश के आर्थिक विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस परियोजना से जेवर और आसपास के क्षेत्रों को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
धीरेंद्र सिंह के अनुसार, नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की प्रगति और क्षेत्र की बढ़ती महत्ता को दर्शाती है। एयरपोर्ट के नामकरण से जुड़े इस निर्णय को उन्होंने जेवर और गौतमबुद्ध नगर के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का यह निर्णय क्षेत्र के लोगों की भावनाओं और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा है। उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री और प्रदेश मंत्रिपरिषद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण स्थान रखेगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी