☰
×

नंदीग्राम पहले से ही भाजपा की जीती हुई सीट, पहली बार रेजीनगर में भी हो सकता है बदलाव : दिलीप घोष

 

कोलकाता, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को को मतदान हो रहा है। इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

राज्य में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर दिलीप घोष ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "उपचुनाव को लेकर देखिए, नंदीग्राम पहले से ही भाजपा की जीती हुई सीट है और वहां हमारा मार्जिन बढ़ेगा। पहली बार रेजीनगर में भी बदलाव हो सकता है। बंगाल में जो ट्रेंड चल रहा था कि अल्पसंख्यक वोट भाजपा को नहीं जाता था, वह बदल रहा है। आज मौजूदा सरकार के तहत देश और राज्य के विकास से अल्पसंख्यक समुदाय को भी फायदा हो रहा है। उन्हें सुरक्षा मिली है, उनके अधिकार सुरक्षित हैं और वे भी सोच रहे हैं कि उन्हें किसके साथ खड़ा होना चाहिए, वे विकास के साथ जाना चाहते हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार और उत्पीड़न देखा है, इसलिए मुझे लगता है कि वोट भाजपा की तरफ आएंगे और कुछ नया होने वाला है।"

विपक्षी इंडिया ब्लॉक को लेकर उन्होंने पत्रकारों से कहा, "इंडिया ब्लॉक, उस समय सीपीआई (एम) आई थी और कुछ लोग उनके साथ जुड़ गए थे। आम आदमी पार्टी भी इसी तरह बनी थी और उसका वजूद धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। विपक्ष के नेता यहां जिस तरह की राजनीति कर रहे हैं, झूठ, धोखा, भ्रष्टाचार और आतंक पैदा कर रहे हैं। यह सब जनता नहीं चाहती। जनता विकास, शांति और देश की तरक्की चाहती है।"

दिलीप घोष ने कहा, " पीएम मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को था और सितंबर से अक्टूबर तक एक महीने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकारें अपनी उपलब्धियों को लोगों तक ले जा रही हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के तौर पर हम उनके 2047 तक विकसित भारत के सपने को उजागर करने और जनता को साथ लेकर चलने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। बंगाल में हम ये कार्यक्रम 7 तारीख तक चलाएंगे क्योंकि उसके बाद दुर्गा पूजा शुरू हो जाती है जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह 17 तारीख तक चलेगा। आज नरेंद्र मोदी विश्व के प्रसिद्ध नेता हैं। उनके नेतृत्व और विजन पर कोई शक नहीं है। देश को फायदा हुआ है और दुनिया के कई देश चाहते हैं कि उनके पास मोदी जी जैसा नेता हो।"

एसआईआर के मुद्दे पर दिलीप घोष ने कहा, "मामला सुप्रीम कोर्ट में है। पहले भी एसआईआर को लेकर सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला था, जिसके आधार पर काम किया गया है। हालांकि जो हारते हैं उन्हें सिर्फ बहाना चाहिए, इसलिए वे ये सब बेकार की बातें उठा रहे हैं।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम