×

नंदनगरी हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद

 

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली के उत्तर-पूर्व की नंद नगरी पुलिस ने एक हत्याकांड के मामले को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, नंद नगरी के बड़े स्कूल के पास मोहम्मद उमरदीन की हत्या हुई थी। पुलिस की एक टीम इस मामले की सक्रियता से जांच कर रही थी। यह टीम इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में काम कर रही थी। टीम में एएसआई प्रमोद, हेड कांस्टेबल दीपक, हेड कांस्टेबल विपिन, हेड कांस्टेबल रोहित और कांस्टेबल जितेंद्र व विमल शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस ने जरूरी सबूत जुटाए। लगातार कोशिशों और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सुनील उर्फ दीपु उर्फ नरेंद्र निवासी बी-ब्लॉक, नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, छीना-झपटी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल आठ मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

वहीं, एक अन्य मामले में दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी बॉय को कुचल दिया। बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।

एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई। पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक ने बताया कि 'मैंने बहुत तेज आवाज सुनी और भागकर यहां आया। उन लड़कों ने शराब पी रखी थी, और कार की स्पीड करीब 150 थी। उसने डिलीवरी बॉय को कुचल दिया।' चश्मदीद ने बताया कि एक युवक भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी