×

मुंबई : फेरीवाले की पिटाई के वायरल वीडियो पर भाजपा नेता अशोक शेलके ने दी सफाई, बोले-पूरा वीडियो नहीं दिखाया गया

 

नालासोपारा, 16 जून (आईएएनएस)। मुंबई के नालासोपारा में भाजपा नेता अशोक शेलके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह एक फेरीवाले की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब पूरे विवाद पर अशोक शेलके ने अपनी सफाई देते हुए वायरल वीडियो को 'आधा-अधूरा' बताया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम वसई-विरार महानगरपालिका की टीम नालासोपारा पूर्व स्थित डी-मार्ट परिसर के सामने अवैध स्टॉलों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद फेरीवालों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान एक फेरीवाले ने भाजपा कार्यकर्ता पर हाथ उठा दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद भाजपा नगर सेवक अशोक शेलके गुस्से में आ गए और कथित तौर पर फेरीवाले की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

विवाद बढ़ने के बाद अशोक शेलके ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए आईएएनएस से कहा कि वायरल किया गया वीडियो पूरी घटना नहीं दिखाता। डी-मार्ट परिसर के आसपास वीकएंड में शनिवार-रविवार को औसतन पांच-सात हजार लोगों की आवाजाही होती है जबकि आसपास लगभग 25 हजार लोगों की बस्ती भी है। उन्होंने दावा किया कि उस क्षेत्र में 100 मीटर के दायरे में करीब 150 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। यदि किसी कारणवश ये सिलेंडर फट जाते, तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

अशोक शेलके ने कहा कि पिछले दो रविवार से फेरीवालों को समझाया जा रहा था कि वे किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर चले जाएं लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका आरोप है कि जब वे और उनके कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, तब फेरीवालों ने भाजपा कार्यकर्ता हरीलाल जायसवाल पर हमला कर दिया।

उन्होंने कहा कि जब उनके कार्यकर्ता पर हमला हुआ तो प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक थी। अशोक शेलके ने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को उत्तर भारतीयों से जोड़ रहे हैं जबकि घायल भाजपा कार्यकर्ता हरीलाल जायसवाल भी उत्तर भारतीय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनके कार्यकर्ता पर हमला हुआ, तब उसके सम्मान और समर्थन में कोई सामने क्यों नहीं आया।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम