नालासोपारा की घटना पर मंत्री नितेश राणे बोले, हिंदू त्योहारों को निशाना बनाने वालों को मिट्टी में मिला देंगे
मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने नालासोपारा में गरबा के दौरान हुई घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए कहा कि उन्होंने नवरात्रि से पहले ही इस तरह की घटनाओं को लेकर चेतावनी दी थी। राणे ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक का कनेक्शन अश्लील वीडियो और एक पॉर्न कंपनी से जुड़ा है और ऐसे लोग जानबूझकर हिंदू त्योहारों को निशाना बनाते हैं।
महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने नालासोपारा की घटना और कथित लव जिहाद को लेकर कहा, "मैं हमेशा से लव जिहाद को लेकर बात करता आया हूं। नवरात्रि शुरू होने से पहले ही मैंने हमारी हिंदू बहनों को चेतावनी दी थी कि ये जिहादी अलग-अलग नाम बदलकर गरबा में घुसेंगे और हमारी हिंदू बहनों की जिंदगी बर्बाद करने की कोशिश करेंगे। उसी तरह का मामला नालासोपारा में सामने आया है, जहां एक जिहादी गरबा में घुसकर अश्लील हरकतें कर रहा था। जब उसका मोबाइल चेक किया गया, तो उसमें कई अश्लील वीडियो मिले।"
उन्होंने कहा, "हमें बार-बार कहा जाता है कि हर बात में हिंदू-मुसलमान मत करो, आज ऐसे लोग मुंह के बल गिरे होंगे। हम कभी उनके ईद और मुहर्रम जैसे त्योहारों में बाधा नहीं डालते और न ही इस तरह की हरकतें करते हैं, उसी तरह का नियम और कानून हमारे हिंदू त्योहारों पर भी लागू होना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि ये कोई बनाई हुई कहानी नहीं है, बल्कि सच्ची घटना है। वो जिहादी नवरात्रि के त्योहार पर आकर हमारी हिंदू बहनों के अश्लील वीडियो बनाता था। जानकारी मिली है कि उसका संपर्क एक पॉर्न कंपनी से भी था। मैं बार-बार कहता आया हूं कि लव जिहाद के ऐसे मामले हमारे हिंदू त्योहारों में ही इन जिहादियों की मंशा से होते हैं।"
उन्होंने कहा कि ये हिंदू त्योहार है, इसलिए इसमें केवल सनातन हिंदू धर्म को मानने वाले लोग ही दिखने चाहिए। हम बार-बार यही कहते हैं कि हम कभी ईद, मुहर्रम या रमजान के समय जाकर इस तरह की हरकत नहीं करते, वहां हमारा कोई हिंदू इस तरह की हरकत करते हुए नहीं दिखता। तो फिर हमारे हिंदू त्योहारों पर आकर हमारी हिंदू बहनों की जिंदगी खराब करने की हिम्मत जो भी करेगा, उसे हमारी राज्य सरकार की तरफ से मिट्टी में मिलाने का काम किया जाएगा।
--आईएएनएस
केके/वीसी