×

नालंदा यूनिवर्सिटी में नॉन-टीचिंग पदों पर भर्ती शुरू, जानें योग्यता से सैलरी तक सबकुछ

 

पटना, 4 अगस्त (आईएएनएस)। देश के किसी प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। बिहार के राजगीर में स्थित नालंदा यूनिवर्सिटी ने कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नॉन-टीचिंग के विभिन्न 9 खाली पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

नालंदा विश्वविद्यालय की ओर से नॉन-टीचिंग पोस्ट के लिए जारी 9 रिक्तियों में लाइब्रेरियन, डिप्टी लाइब्रेरियन, असिस्टेंट रजिस्ट्रार, असिस्टेंट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) और सीनियर असिस्टेंट के 1-1; लाइब्रेरी असिस्टेंट और असिस्टेंट के 2-2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार नालंदा यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना में दिए गए आवेदन के माध्यम से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से लाइब्रेरियन और डिप्टी लाइब्रेरियन पदों के लिए लाइब्रेरी साइंस/इन्फॉर्मेशन साइंस/डॉक्यूमेंटेशन साइंस में मास्टर डिग्री कम से कम 55 प्रतिशत अंक के साथ होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास लाइब्रेरियन पद के लिए किसी यूनिवर्सिटी/कॉलेज/भारतीय या विदेशी रिसर्च इंस्टिट्यूट में असिस्टेंट लाइब्रेरियन/डेप्युटी लाइब्रेरियन/एडिशनल लाइब्रेरियन के पद पर कम से कम दस वर्ष का अनुभव होना चाहिए, जिसमें से कम से कम तीन वर्ष का अनुभव डेप्युटी लाइब्रेरियन/एडिशनल लाइब्रेरियन के पद पर हो। वहीं, डिप्टी लाइब्रेरियन पद के लिए असिस्टेंट यूनिवर्सिटी लाइब्रेरियन/कॉलेज लाइब्रेरियन के तौर पर आठ वर्ष का अनुभव जरूरी है।

असिस्टेंट रजिस्ट्रार पद के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंकों या उसके बराबर के साथ मास्टर डिग्री और अच्छा एकेडमिक रिकॉर्ड होना चाहिए। इसके अलावा यूनिवर्सिटी/शैक्षिक या रिसर्च संस्थान में कम से कम 5 वर्ष का प्रोफेशनल अनुभव जरूरी है। इसके अतिरिक्त अंग्रेजी बोलने की बेहतरीन क्षमता होनी चाहिए।

असिस्टेंट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री और किसी सरकारी संस्था या प्रतिष्ठित कमर्शियल संस्थान में जूनियर इंजीनियर या इसी तरह के पद पर क्वालिफिकेशन के बाद कम से कम दो वर्ष का अनुभव एवं अंग्रेजी बोलने की बेहतरीन क्षमता होनी चाहिए।

सीनियर असिस्टेंट के लिए बैचलर डिग्री और एडमिनिस्ट्रेशन, एस्टेब्लिशमेंट, एकेडमिक, फाइनेंस और अकाउंट्स और जनरल सुपरविजन/मैनेजमेंट जैसे संबंधित क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा अंग्रेजी बोलने में बेहतरीन कौशल होना भी जरूरी है।

लाइब्रेरी असिस्टेंट के लिए लाइब्रेरी और इन्फॉर्मेशन साइंस में मास्टर डिग्री के साथ ही संबंधित क्षेत्र में यूनिवर्सिटी/रिसर्च संस्थान/केंद्र या राज्य सरकार/पीएसयू या अन्य स्वायत्त संस्थानों की लाइब्रेरी में 2 वर्ष का अनुभव जरूरी है। वहीं, असिस्टेंट पोस्ट के लिए बैचलर डिग्री के साथ-साथ एडमिनिस्ट्रेशन, एस्टेब्लिशमेंट, एकेडमिक, फाइनेंस और अकाउंट्स और जनरल सुपरविजन/मैनेजमेंट जैसे संबंधित क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव और अंग्रेजी बोलने में बेहतरीन कौशल होना जरूरी है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन और जरूरी दस्तावेजों की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और/या साक्षात्कार, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेटस की सैलरी पोस्ट के अनुसार 6,000 से 45,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 500 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी