×

नालंदा-फतुहा दलित हत्याकांड: मंत्री लखिंद्र रौशन बोले- दोषी जेल जाएंगे, परिवारों को नौकरी मिलेगी

 

पटना, 3 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री लखिंद्र कुमार रौशन ने दलित समाज के लोगों की हत्या की हालिया घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही, पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता के साथ नौकरी भी दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन किया, राम मंदिर चंदा विवाद पर विपक्ष पर निशाना साधा और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

दलित हत्या के मामलों पर मंत्री लखिंद्र कुमार रौशन ने कहा कि वह स्वयं पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे हैं और सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। हाल ही में नालंदा में दो लोगों की हत्या हुई थी, जहां सरकार और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मैंने जिला प्रशासन और एसपी से कहा था कि तत्काल गिरफ्तारी की जाए। गिरफ्तारी हुई और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से दोनों परिवारों को 4,12,650 रुपए की पहली किस्त का अनुदान दिया गया। दूसरी किस्त भी दी जाएगी। दोनों परिवारों को सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा की गई है और जिला कल्याण पदाधिकारी को इसकी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि अब नालंदा के हिलसा और पटना के फतुहा में दलित समाज के दो लोगों की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। मैं दोनों परिवारों से मिलने जा रहा हूं। दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाए। अनुदान की राशि दी जाएगी, सरकारी नौकरी का जो प्रावधान है उसके तहत सहायता मिलेगी और जिसने भी हत्या की है उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा तथा कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिल्कुल उचित संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देश के तीर्थस्थलों की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन विकसित, समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण करना है। स्वच्छता उनके प्रमुख संकल्पों में शामिल है। जब भी किसी धार्मिक स्थल पर जाएं तो वहां गंदगी न फैलाएं, उपयोग की गई सामग्री इधर-उधर न फेंकें और तीर्थस्थल के साथ-साथ उसके आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ और शुद्ध बनाए रखें। यही प्रधानमंत्री का संदेश है और हम सबकी जिम्मेदारी भी।

राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी का जवाब देते हुए लखिंद्र कुमार रौशन ने कहा कि उनसे अधिक अपेक्षा नहीं की जा सकती। अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर लाठी और गोली चलवाई थी। उन्होंने कभी प्रभु श्रीराम को नहीं माना। इसलिए अखिलेश यादव से ज्यादा उम्मीद नहीं की जा सकती।

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि जब भाजपा राम मंदिर निर्माण की बात करती थी, तब कांग्रेस आरोप लगाती थी कि भाजपा केवल वोट के लिए राम मंदिर का मुद्दा उठाती है। 500 वर्षों से अधिक के संघर्ष के बाद राम मंदिर बना है और आज करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था वहां जुड़ी हुई है। यदि चंदा चोरी के मामले में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। ट्रस्ट की ओर से कार्रवाई के लिए प्रशासन को लिखा गया है। योगी सरकार की कार्रवाई होगी और कोई भी दोषी बचेगा नहीं।

तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर लगे आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि चोरी करने और गलत काम करने वाले व्यक्ति को ही डर लगता है। बड़ा हो या छोटा, जिसने गलत किया है, उसे कानून का भय स्वाभाविक है। जो व्यक्ति सही होता है, वह जांच एजेंसियों का सहयोग करता है और कानून के सामने उपस्थित होता है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कांग्रेस में विलय की अटकलों पर मंत्री ने विपक्षी दलों के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी के बीच जो संबंध दिखाई देते हैं, वह केवल दिखावा है। विपक्षी दल एक-दूसरे पर भरोसा नहीं करते, न राहुल गांधी उन पर और न वे राहुल गांधी पर विश्वास करते हैं। बिहार ही नहीं, पूरे देश में जनता विपक्ष को लगातार नकार रही है।

--आईएएनएस

पीएसके