☰
×

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात

 

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में सूखे की गंभीर स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में पड़ रहे सूखे की जानकारी देते हुए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत और बचाव कार्यों से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्र सरकार को राज्य की ओर से एक ज्ञापन भी सौंपा और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के तहत महाराष्ट्र को अधिकतम वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र की 265 से अधिक तहसीलों में सूखा घोषित किया गया है। राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों के किसानों और आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न योजनाएं और उपाय लागू किए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार की सहायता बेहद जरूरी है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है। अमित शाह ने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार की एक टीम 8 से 11 अक्टूबर के बीच महाराष्ट्र का दौरा करेगी और सूखा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेगी।

फडणवीस ने कहा कि अमित शाह ने भरोसा दिलाया है कि केंद्र सरकार इस कठिन समय में महाराष्ट्र के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

इस संबंध में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार से राज्य के लिए अधिकतम सहायता की मांग की गई है और उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से सूखा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।

महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में किसान सूखे से परेशान हैं और सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। एनसीपी (एसपी) चीफ शरद पवार भी इस मामले पर किसानों से मुलाकात कर चुके हैं और सरकार से राहत की मांग कर चुके हैं। इस बीच अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी गृह मंत्री से मुलाकात की।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी