नागपुर समेत विदर्भ के कई इलाकों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी, अगले दो दिन नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
नागपुर, 26 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नागपुर और पूरे विदर्भ क्षेत्र में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार पड़ रही तेज गर्मी और हीट वेव को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बहुत कम है।
नागपुर मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रवीण कुमार ने आईएएनएस से बताया कि विदर्भ के अधिकांश हिस्सों में लगातार हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है। खासकर पश्चिमी जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है, जबकि पूर्वी जिलों में भी तापमान लगातार बढ़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि केवल दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। विदर्भ के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। इसी को देखते हुए कुछ जिलों में रेड अलर्ट और कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक हीट वेव जैसी स्थिति बनी रहेगी।
हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को थोड़ी राहत की उम्मीद भी दी है। वैज्ञानिक प्रवीण कुमार के मुताबिक, 29 मई से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 29 और 30 मई से विदर्भ के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
--आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी