×

नगर निगम में भैंसों की नीलामी के दौरान हंगामा, सपा कार्यकर्ता समेत 11 नामजद और 50 अज्ञात पर एफआईआर

 

लखनऊ, 25 अगस्त (आईएएनएस )। यूपी की राजधानी लखनऊ के नगर निगम कार्यालय परिसर में पकड़ी गई भैंसों की नीलामी के दौरान धरना-प्रदर्शन और कथित हंगामे के मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने रोड जाम करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में सपा कार्यकर्ता अनिस राज समेत 10 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, हजरतगंज थाने की लालबाग चौकी के प्रभारी प्रदीप कुमार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि नगर निगम परिसर में भैंसों की नीलामी की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने वहां धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और विरोध के दौरान सड़क जाम कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 285, 190 और 223 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब नामजद आरोपियों के साथ-साथ प्रदर्शन में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान करने में जुटी है। नगर निगम परिसर में नीलामी प्रक्रिया के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक रंग ले लिया है।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग बाधित करने और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम