×

नारी शक्ति वंदन अधिनियम रोककर विपक्ष ने फिर दिखाया महिला विरोधी चेहरा : नितिन नवीन

 

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल खारिज होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश को संबोधित किया। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा।

नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, समाजवादी पार्टी और पूरा विपक्ष ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे महत्वपूर्ण बिल को रोककर एक बार फिर देश की मां-बहनों के विरोधी चेहरे को जनता के सामने उजागर कर दिया है। उन्होंने लिखा, "लेकिन देश साक्षी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से जो भी संकल्प लिया है, उसे हमेशा पूरा करके दिखाया है।"

उन्होंने पीएम मोदी के प्रमुख फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि धारा 370 को हटाना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति, जीएसटी जैसे ऐतिहासिक सुधार शामिल हैं। उन्होंने आगे लिखा, "जब बात राष्ट्र की सुरक्षा की आई तो एयरस्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कड़े प्रहारों से दुश्मनों को उनकी औकात दिखाई गई। कोरोना जैसी वैश्विक आपदा से देश को निकालने का संकल्प भी पीएम मोदी ने पूरा किया।"

नितिन नवीन ने जोर देकर कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा मां-बहनों के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोपरि रखा है। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी अनेक योजनाओं से इसका प्रमाण मिलता है। उन्होंने लिखा, "आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अधिनियम को पूरा करने का जो संकल्प लिया है, उसे हम उनके मार्गदर्शन में जरूर पूरा करेंगे, क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "पड़ोसी देशों के साथ सीमा विवाद हो या पाकिस्तान के साथ पानी का बंटवारा, कांग्रेस का राष्ट्रहित के विषयों को लटकाने, भटकाने और अटकाने का वर्क कल्चर रहा है, जिसका देश को बहुत नुकसान झेलना पड़ा है।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी