मुर्शिदाबाद में रेलवे कोच फैक्ट्री की मांग, अधीर रंजन चौधरी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के सहयोग से रेलवे कोच फैक्ट्री स्थापित करने की मांग की है।
पत्र में अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रेलवे मंत्रालय राज्य में रेलवे अवसंरचना समेत कई विकास परियोजनाओं को लागू करने की योजना बना रहा है। ऐसे समय में उन्होंने 12 मई 2026 को प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने मुर्शिदाबाद में रेलवे कोच फैक्ट्री स्थापित करने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने का आग्रह किया था।
अधीर रंजन चौधरी ने बताया कि यह परियोजना उनके रेल राज्य मंत्री कार्यकाल के दौरान प्रस्तावित की गई थी। यदि इस परियोजना को मंजूरी मिलती है तो इससे मुर्शिदाबाद और आसपास के जिलों के हजारों बेरोजगार युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री केवल प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार ही नहीं देगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास, आर्थिक प्रगति और सामाजिक-आर्थिक बदलाव की नई संभावनाएं भी पैदा करेगी। उनके अनुसार, ऐतिहासिक महत्व, सीमावर्ती स्थिति और बड़ी आबादी होने के बावजूद मुर्शिदाबाद आज भी औद्योगीकरण और रोजगार सृजन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है।
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि रेलवे कोच फैक्ट्री स्थापित होने से सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के कौशल का विकास होगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि पश्चिम बंगाल सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाए और जल्द इसकी घोषणा की जाए। कांग्रेस नेता ने विश्वास जताया कि इस परियोजना की घोषणा मुर्शिदाबाद के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम