×

मुरैना में वन विभाग की चौकी से अनियंत्रित ट्रक टकराया, एक जवान घायल, 11 ने भागकर बचाई जान

 

मुरैना, 6 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चंबल के प्रतिबंधित रेत पर कार्रवाई करने के लिए बनाई गई चौकी पर हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर चौकी से टकरा गया। इस हादसे में ड्यूटी पर तैनात एक वनरक्षक घायल हो गया, 11 जवानों ने भागकर अपनी जान बचाई।

हादसा मुरैना के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 दिल्ली से ग्वालियर की ओर जाने वाले रास्ते पर हुआ है, जहां वन विभाग और विशेष सशत्र बल (एसएएफ) के 12 जवान अस्थायी चौकी पर ड्यूटी कर रहे थे।

चंबल के प्रतिबंधित रेत के परिवहन को रोकने के लिए जगह-जगह पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मुरैना कलेक्टर, एसपी और वन विभाग के अधिकारियों के द्वारा चेक पोस्ट बनाए गए हैं।

रोज की तरह शनिवार सुबह जवान अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक (एचआर 38 जेड 0324) अनियंत्रित होकर आया और ड्यूटी कर रहे जवानों की तरफ मुड़ गया। अचानक से माहौल बिगड़ा और जवानों ने भाग कर बचाई जान। वहीं, एक जवान इस पूरे घटनाक्रम में घायल हो गया।

घायल जवान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है। सूचना मिलते ही मौके पर सिविल लाइन थाना प्रभारी माता बसैया और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और ट्रक को घटनास्थल से साइड करवाया।

इससे पहले मुरैना जिले के थाना पहाड़गढ़ क्षेत्र अंतर्गत कन्हार गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। 4 जून को दोपहर 2:15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को हादसे की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना पहाड़गढ़ क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को तत्काल मौके पर पहुंचा।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक अर्जुन जाट एवं पायलट राघवेंद्र धाकड़ ने कन्हार गांव पहुंचकर देखा कि दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। जवानों ने घायल को तत्काल एफआरवी वाहन से शासकीय अस्पताल पहाड़गढ़ पहुंचाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम