×

मुंबई: तय समय से ज्यादा देर तक चली फिल्म की शूटिंग, प्रोडक्शन कंपनी के मैनेजर पर केस दर्ज

 

मुंबई, 27 मई (आईएएनएस)। मुंबई के डीबी मार्ग पुलिस स्टेशन ने दक्षिण मुंबई स्थित एक बीएमसी स्कूल परिसर में तय समय सीमा से अधिक देर तक फिल्म शूटिंग जारी रखने के आरोप में एक फिल्म शूटिंग कंपनी के मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एक पुलिस कांस्टेबल के शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि प्रोडक्शन कंपनी को निर्धारित समय तक ही शूटिंग के लिए अनुमति दी गई थी, लेकिन तय सीमा के बाद भी शूटिंग जारी रही। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को नोटिस दिया और बाद में उसे रिहा कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 24 मई की रात 11:30 बजे से 11:55 बजे के बीच ग्रांट रोड (पूर्व) स्थित गिल्डर टैंक लेन के एक बीएमसी स्कूल परिसर में सामने आया। आरोप है कि प्रोडक्शन कंपनी को शूटिंग के लिए निर्धारित समय तक ही अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद शूटिंग तय सीमा के बाद भी जारी रखी गई।

मुंबई पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुलिस कांस्टेबल वृषक रमाकांत वाघ (43) की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान वाहिद अब्दुल कादर शेख (33) के रूप में हुई है, जो पैनोरमा स्टूडियोज इंटरनेशनल लिमिटेड में मैनेजर हैं और गोरेगांव इलाके के निवासी बताए गए हैं।

मुंबई पुलिस ने आगे बताया कि प्रोडक्शन कंपनी को दी गई अनुमति की शर्तों और नियमों का उल्लंघन करते हुए शूटिंग का काम निर्धारित समय सीमा से अधिक देर तक जारी रखा गया। पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज किए जाने के बाद आरोपी को नोटिस जारी किया गया और बाद में उसे रिहा कर दिया गया।

--आईएएनएस

पीएसके