मुंबई प्रेस क्लब को धमकी भरा ईमेल, बॉम स्क्वाड जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई प्रेस क्लब को शुक्रवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि इमारत के अंदर जहर गैस से भरे कई छोटे बम लगाए गए हैं, जो शुक्रवार दोपहर फटेंगे। मुंबई बॉम स्क्वाड ने जांच पूरी कर ली है और किसी भी प्रकार का संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। प्रेस क्लब परिसर और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान जल्द ही शुरू कर दिया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी भी तरह के खतरे को समय रहते टाला जा सके।
ईमेल भेजने वाले ने अपना नाम नीरजा अजमल खान बताया। उसने खुद को कोयंबटूर के मुसलमानों का प्रतिनिधि बताते हुए कुछ राजनीतिक आरोप लगाए हैं। इसमें दावा किया गया है कि उनके साथ अन्याय हुआ है और उनकी आवाज दबाई जा रही है। मेल में यह भी लिखा गया है कि उनके पास सीमित संसाधन थे और उन्होंने उन्हीं का इस्तेमाल करते हुए मुंबई प्रेस क्लब को निशाना बनाया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि उनका मकसद सिर्फ नुकसान पहुंचाना है और लोगों से इमारत खाली करने की बात कही है।
मेल में नक्सलियों और पाकिस्तान से जुड़े कुछ गुप्त नेटवर्क का भी जिक्र किया गया है, जिससे मामले को और गंभीरता से लिया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। ईमेल किस आईडी से भेजा गया, उसकी लोकेशन क्या है और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं, इन सभी पहलुओं पर साइबर टीम काम कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह मेल प्रोटॉन मेल सर्विस के जरिए भेजा गया है, जिसे ट्रैक करना आसान नहीं होता। मुंबई प्रेस क्लब के अध्यक्ष समर खडस ने कहा कि क्लब के सेक्रेटरी को बम रखे जाने का मेल किया गया था। मुंबई पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और उन्हें जांच में कुछ भी नहीं मिला।
वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि ईमेल मिलने के बाद प्रेस क्लब को खाली करवाकर जांच पूरी कर ली गई है। इस दौरान किसी भी प्रकार का कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम