☰
×

मुंबई पुलिस ने 21 करोड़ रुपए की कोकीन जब्त की, दो आरोपी गिरफ्तार

 

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 21 करोड़ 13 लाख 48 हजार 500 रुपए मूल्य की 4.226 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे बांगुर नगर पुलिस स्टेशन की एटीएस टीम लिंक रोड, गोरेगांव पश्चिम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शिवम सहकारी सोसायटी के सामने एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और तलाशी ली।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान फूलचंद्र ईश्वरदयाल कश्यप (31) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में मलाड पश्चिम के मढ़ विलेज में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.97 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 98 हजार 500 रुपए आंकी गई।

प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के मढ़ विलेज स्थित घर पर छापा मारा। 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 3:02 बजे की गई तलाशी में वहां से 672 ग्राम कोकीन बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ 36 लाख रुपए बताई गई है। इस बरामदगी के आधार पर बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान फूलचंद्र कश्यप ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपने मध्य प्रदेश निवासी साथी मुजाहिद अली के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार संचालित किया था। इसके बाद पुलिस ने मुजाहिद अली को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की अब तक की जांच में कुल 4,226.97 ग्राम कोकीन जब्त की जा चुकी है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन का स्रोत क्या था, इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी और इस ड्रग्स नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को इस अवैध कारोबार में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह से सहायता मिली थी या नहीं।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी