मुंबई: पीसी जैन ज्वेलर्स की दुकान पर फायरिंग केस में जुड़ा बिश्नोई गैंग का नाम, मांगी गई थी 10 करोड़ की रंगदारी
मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई के माहिम इलाके में पीसी जैन ज्वेलर्स की दुकान पर हुई फायरिंग के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है। पीसी जैन ज्वेलर्स के मालिक भरत जैन ने दावा किया कि धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था।
मुंबई पुलिस की जांच के दौरान पता चला है कि भरत जैन को लगातार धमकियां मिल रही थीं और 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। अब तक भरत जैन को तीन बार धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार, भरत जैन को पहली धमकी 18 अक्टूबर को मिली थी। अनजान नंबर से फोन आने पर शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया था। हालांकि, उसी दिन शाम को उन्हें मैसेज भेजकर गोली मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को भी धमकी भरे मैसेज भेजे गए। भेजे गए एक मैसेज में लिखा था, ‘रेडी रखना चमत्कार छाया’। धमकियों के जरिए उनसे 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
सूत्रों ने यह भी बताया कि शूटर्स ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। आरोपियों ने मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर भी मिटा दिया था, ताकि उसके मालिक का सही पता न लगाया जा सके। शूटर्स ने फायरिंग के समय हेलमेट पहना हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि हेलमेट पहने हुए शूटर्स माहिम इलाके में पहुंचे और दुकान पर गोलियां चलाईं। दोनों शूटर्स ने खुद को पूरी तरह से ढक रखा था, ताकि अपनी पहचान छिपा सकें। सूत्रों का दावा है कि शूटर्स बांद्रा स्टेशन के पास बाइक छोड़कर भागे। इसके बाद वे ट्रेन से बोरीवली की तरफ चले गए।
फिलहाल, इस मामले में मुंबई पुलिस शूटर्स की तलाश कर रही है। पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं, जिनमें लोकल पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी काम कर रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/एबीएम