×

मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन में मोबाइल नेटवर्क की कमी, सांसद मिलिंद देवड़ा ने समाधान की मांग की

 

मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना के वरिष्ठ नेता और सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन में मोबाइल और वाई-फाई कनेक्टिविटी की कमी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में मुंबई मेट्रो रेल निगम के प्रबंध निदेशक अश्विनी भिडे को एक पत्र लिखकर उन्होंने तत्काल समाधान की मांग की है।

अपने पत्र के माध्यम से मिलिंद देवड़ा ने कहा कि वह खुद इस रूट के नियमित यात्री हैं और उन्होंने महसूस किया है कि मेट्रो के कई हिस्सों में पूरी तरह मोबाइल नेटवर्क का अभाव है। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे देश की आर्थिक और व्यावसायिक राजधानी में इस तरह की समस्या केवल असुविधा नहीं, बल्कि कार्यक्षमता और उत्पादकता में बाधा है। उन्होंने कहा कि हजारों पेशेवर, उद्यमी और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोग रोजाना इस मेट्रो लाइन का उपयोग करते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान लंबे समय तक ऑफलाइन रहना उनके काम, समन्वय और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को प्रभावित करता है।

पत्र में उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि डिजिटल दौर में निर्बाध संचार बेहद आवश्यक है। मेट्रो यात्रा के दौरान नेटवर्क न होना न केवल कामकाजी लोगों के लिए समस्या है, बल्कि आपातकालीन स्थितियों में भी जोखिम पैदा कर सकता है। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार टेलीकॉम ऑपरेटर इस समस्या के समाधान के लिए तैयार हैं, बशर्ते उन्हें जरूरी मंजूरी और समन्वय मिले। ऐसे में उन्होंने एमएमआरसीएल से सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर इन-ट्रेन और अंडरग्राउंड मोबाइल कनेक्टिविटी को जल्द से जल्द लागू करने की अपील की।

सांसद ने कहा कि जब तक मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह स्थापित नहीं हो जाता, तब तक मेट्रो स्टेशनों और टनलों में हाई-स्पीड वाई-फाई उपलब्ध कराई जाए, ताकि यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी बनी रहे। अपने पत्र के अंत में उन्होंने कहा कि मुंबई हमेशा से इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार में अग्रणी रहा है। एक्वा लाइन पर बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने से न केवल यात्रियों का अनुभव सुधरेगा, बल्कि शहर की इस पहचान को और मजबूती मिलेगी।

शिवसेना सांसद ने इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील करते हुए उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

--आईएएनएस

पीएसके